Lobia Dal Recipe : शाकाहारी डाइट में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए अक्सर लोग पनीर, सोयाबीन या दालों का सहारा लेते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक ऐसी भी दाल है जिसे ‘वेजिटेबल मीट’ कहा जाता है? जी हाँ, हम बात कर रहे हैं लोबिया दाल (Black-eyed peas / Cowpeas) की. स्वाद में बेहतरीन होने के साथ-साथ यह सेहत का ऐसा पावरहाउस है, जिसके पोषण तत्वों के आगे कई महंगी चीजें फीकी पड़ जाती हैं. आइए जानते हैं कि लोबिया आपके स्वास्थ्य के लिए क्यों जरूरी है, इसमें कितना प्रोटीन होता है और इसे घर पर आसानी से कैसे बनाया जा सकता है.

एक कप में मिलता है भरपूर प्रोटीन
पोषण विशेषज्ञों के मुताबिक, लोबिया प्लांट-बेस्ड प्रोटीन का एक बेहतरीन स्रोत है. इसके सिर्फ एक कप (लगभग 170-180 ग्राम) पकी हुई लोबिया में करीब 13 से 15 ग्राम प्रोटीन मिलता है. इसके अलावा, इसमें लगभग 11 ग्राम डाइटरी फाइबर होता है, जो पाचन तंत्र को मजबूत रखने में मदद करता है. एक कप लोबिया में लगभग 200 कैलोरी होती हैं, जो वजन को नियंत्रित (Weight Management) रखने वालों के लिए इसे एक आइडियल फूड बनाती हैं. इसमें आयरन, फोलेट, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे जरूरी मिनरल्स भी प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं.

सेहत के लिए लोबिया खाने के शानदार फायदे-

मांसपेशियों की मजबूती: चूंकि इसे ‘वेजिटेबल मीट’ कहा जाता है, यह जिम जाने वाले लोगों और शाकाहारी डाइट फॉलो करने वालों के लिए मसल्स बिल्डिंग में मदद करता है.

पाचन तंत्र दुरुस्त रखे: इसमें मौजूद हाई फाइबर कब्ज की समस्या को दूर करता है और पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे बार-बार खाने की आदत कंट्रोल होती है.

दिल की सेहत के लिए फायदेमंद: लोबिया में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा न के बराबर होती है और इसमें मौजूद पोटेशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है.

खून की कमी दूर करे: आयरन और फोलेट से भरपूर होने के कारण यह शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को सुधारता है, जिससे अनीमिया (खून की कमी) का खतरा कम होता है.

स्वादिष्ट और आसान लोबिया मसाला रेसिपी-

आवश्यक सामग्री:

लोबिया (ब्लैक-आईड पीज) – 1 कप (रातभर भीगी हुई)
प्याज – 2 मीडियम साइज (बारीक कटी हुई)
टमाटर – 2 (पिसे हुए या बारीक कटे)
अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 चम्मच
जीरा – 1 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर – आधा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
धनिया पाउडर – 1 चम्मच
गरम मसाला – आधा चम्मच
हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
तेल या घी – 2 बड़े चम्मच
नमक – स्वादानुसार

बनाने की विधि:

  • सबसे पहले रातभर भीगी हुई लोबिया को कुकर में 3 से 4 सीटी आने तक उबाल लें. ध्यान रखें कि यह अच्छे से गल जानी चाहिए लेकिन मैश न हो.
  • एक कढ़ाई में तेल या घी गर्म करें. उसमें जीरा डालें और चटकने दें. अब इसमें बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें.
  • इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कच्चापन खत्म होने तक भूनें. अब टमाटर प्यूरी के साथ हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर मसालों से तेल छोड़ने तक पकाएं.
  • उबली हुई लोबिया को मसाले में डालें और अच्छी तरह मिला लें. आवश्यकतानुसार पानी डालकर ग्रेवी को गाढ़ा या पतला कर सकती हैं.
  • इसे 5 से 7 मिनट तक मध्यम आंच पर पकने दें ताकि मसाले दाल में अच्छी तरह रच-बस जाएं. अंत में गरम मसाला और ऊपर से हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.

आप इसे गरमा-गरम चपाती या उबले हुए चावल के साथ परोस सकती हैं. यह स्वाद और सेहत दोनों का परफेक्ट कॉम्बो है.



Source link

Write A Comment