Last Updated:
iPhone और Android फोन की स्क्रीन पर दिखने वाले Green, Orange और Blue Dots सिर्फ सामान्य लाइट नहीं हैं. ये Privacy Indicators बताते हैं कि कैमरा, माइक्रोफोन या कुछ दूसरी चीज़ें इस्तेमाल हो रही हैं. जानें इन डॉट्स का क्या मतलब है और कब किसी संदिग्ध ऐप से सावधान होने की जरूरत है.
iPhone या किसी एडवांस Android स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते समय आपने कभी नोटिस किया होगा कि स्क्रीन के ऊपर स्टेटस बार या Dynamic Island के पास छोटे हरे, ऑरेन्ज और नीले डॉट्स बार-बार दिखाई देते हैं और गायब हो जाते हैं. कई लोग इन्हें सिर्फ डिस्प्ले की समस्या या नेटवर्क सिग्नल से जुड़ी दिक्कत समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन असल में ये लाइट्स बेहद जरूरी ‘Privacy Indicators’ होती हैं, जो आपके फोन की प्राइवेसी और सुरक्षा को बेहतर तरीके से सुरक्षित रखने में मदद करती हैं.
टेक्नोलॉजी की दुनिया की दो बड़ी कंपनियों ऐपल और गूगल ने ये खास फीचर इसलिए पेश किया है, ताकि कोई भी ऐप आपकी जानकारी के बिना आपकी निजी जानकारी चुरा या एक्सेस न कर सके. स्क्रीन पर दिखाई देने वाले हर रंग के डॉट का अपना एक खास मतलब होता है.
ग्रीन लाइट: इसका मतलब है कि आपके फोन का कैमरा एक्टिव है. जब आप कैमरा ऑन करते हैं या WhatsApp, Instagram, FaceTime जैसी ऐप्स पर वीडियो कॉल करते हैं, तब यह हरी लाइट दिखाई देती है. अगर कैमरा और माइक्रोफोन दोनों एक साथ इस्तेमाल हो रहे हों, तब भी स्क्रीन पर ग्रीन डॉट नजर आता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ऑरेंज लाइट: यह ऑरेन्ज लाइट बताती है कि आपके फोन का माइक्रोफोन (Mic) इस समय इस्तेमाल हो रहा है. जब आप सामान्य फोन कॉल करते हैं, वॉइस रिकॉर्डिंग करते हैं या Siri/Google Assistant जैसे वॉइस कमांड फीचर का इस्तेमाल करते हैं, तब स्क्रीन पर यह ऑरेंज डॉट दिखाई देता है.
ब्लू लाइट: यह नीला इंडिकेटर तब दिखाई देता है जब आपके फोन में लोकेशन सर्विस यानी GPS, वॉइस कंट्रोल या स्क्रीन शेयरिंग/स्क्रीन मिररिंग जैसे फीचर्स एक्टिव होते हैं. Google Maps के अलावा कैब या फूड डिलीवरी ऐप्स जब आपकी लोकेशन ट्रैक कर रही होती हैं, तब भी यह ब्लू डॉट दिखाई दे सकता है.
कब सावधान रहें: अगर आप कैमरा इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं या किसी से बात नहीं कर रहे हैं, फिर भी स्क्रीन पर ग्रीन या ऑरेंज डॉट बार-बार दिखाई दे रहा है, तो सावधान हो जाएं. इसका मतलब हो सकता है कि बैकग्राउंड में चल रहा कोई ऐप आपकी अनुमति के बिना कैमरा या माइक्रोफोन का इस्तेमाल कर रहा है या उसकी निगरानी कर रहा है. ऐसे में फोन में मौजूद किसी खतरनाक मैलवेयर या स्पायवेयर की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता.
कैसे पता करें कि कौन-सा ऐप इसका इस्तेमाल कर रहा है? जैसे ही ये लाइट्स दिखाई दें, स्क्रीन के ऊपर से नीचे की ओर स्वाइप करके Control Center खोलें. यहां आपको साफ तौर पर पता चल जाएगा कि कौन-सा ऐप आपके कैमरा या माइक्रोफोन का इस्तेमाल कर रहा है. अगर कोई संदिग्ध या गैर-जरूरी ऐप आपके माइक्रोफोन या कैमरा का इस्तेमाल करता हुआ दिखे, तो तुरंत फोन की Settings में जाकर Privacy & Security सेक्शन खोलें. इसके बाद उस ऐप को दिए गए कैमरा और माइक्रोफोन के परमिशन को बंद कर दें या जरूरत न होने पर उस ऐप को डिलीट कर दें.