वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स यानी WCL के तीसरे सीजन से पहले ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ने अपनी टीम को लेकर बड़ा ऐलान किया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग अब ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के मालिकों में शामिल हो गए हैं। वह पुनीत सिंह के साथ फ्रेंचाइजी के सह-मालिक होंगे। रिकी पोंटिंग ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे सफल खिलाड़ियों और कप्तानों में गिने जाते हैं। टीम के साथ बतौर मालिक जुड़ने से फ्रेंचाइजी को उनके अनुभव और नेतृत्व का फायदा मिलने की उम्मीद है।
डेविड वॉर्नर कप्तान नियुक्त
इसका ऐलान 8 सितंबर को मेलबर्न के यूरेका 89 में आयोजित ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ए न्यू एरा कार्यक्रम में किया गया। इसके साथ ही फ्रेंचाइजी ने WCL के तीसरे सीजन से पहले अपनी नई शुरुआत का ऐलान भी कर दिया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।
रिकी पोंटिंग ने इस खास मौके पर कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस से जुड़कर उत्साहित हैं और पुनीत सिंह तथा डेविड वॉर्नर के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट फैंस के लिए कुछ खास तैयार करना चाहते हैं। फ्रेंचाइजी के सह-मालिक पुनीत सिंह ने भी पोंटिंग के जुड़ने और वॉर्नर को कप्तान बनाए जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों की मौजूदगी टीम के लिए अनुभव, नेतृत्व और मजबूती लेकर आएगी।
वॉर्नर तीसरे सीजन को लेकर उत्साहित
डेविड वॉर्नर WCL के तीसरे सीजन में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की कप्तानी करेंगे। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ने कहा कि वह टीम की अगुआई करने और क्रिकेट के कई पूर्व दिग्गजों के साथ दोबारा प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने को लेकर उत्साहित हैं।WCL के संस्थापक और CEO हर्षित तोमर ने पोंटिंग की फ्रेंचाइजी में एंट्री और वॉर्नर की कप्तानी को ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस तथा टूर्नामेंट के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।
बता दें, WCL के तीसरा सीजन में कई बड़े सितारों के शिरकत करने की उम्मीद है। टूर्नामेंट के बढ़ते वैश्विक दायरे के बीच ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की नई टीम कॉम्बिनेशन से इस सीजन में मुकाबलों का रोमांच और बढ़ सकता है। पिछले साल जुलाई-अगस्त में दूसरा सीजन खेला गया था, जिसमें साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने बाजी मारी थी। साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। लीग का तीसरा सीजन 3 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक UAE में खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें:
दलीप ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंची ईस्ट जोन की टीम, तिलक वर्मा की धीमी पारी ने किया बोर
पाकिस्तान क्रिकेट में हड़कंप के बीच मैदान में उतरेगी टीम, कप्तान बाबर आजम के सामने कठिन चुनौती