Last Updated:

पीनट बटर खाने के शौकीन हैं तो इसे बाजार से खरीदने की बजाय घर पर भी बना सकते हैं. सिर्फ मूंगफली और कुछ आसान चीजों की मदद से घर पर क्रीमी और स्वादिष्ट पीनट बटर तैयार किया जा सकता है.

Zoom

होममेड हेल्दी बटर.

पीनट बटर आजकल नाश्ते से लेकर स्नैक्स तक काफी पसंद किया जाता है. इसे ब्रेड, टोस्ट, शेक, स्मूदी या फलों के साथ खाया जा सकता है. बाजार में कई तरह के पीनट बटर मिलते हैं, लेकिन अगर आप चाहें तो इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं. इसके लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती और मूंगफली से ही स्वादिष्ट पीनट बटर तैयार किया जा सकता है.

पीनट बटर बनाने के लिए सामग्री

घर पर पीनट बटर बनाने के लिए आपको करीब 2 कप मूंगफली की जरूरत होगी. इसके अलावा स्वाद के हिसाब से थोड़ा सा नमक और 1-2 चम्मच शहद या पाउडर चीनी डाल सकते हैं. अगर आपको बिल्कुल स्मूद पीनट बटर पसंद है तो थोड़ा सा न्यूट्रल ऑयल जैसे मूंगफली या सनफ्लावर ऑयल भी इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि तेल डालना जरूरी नहीं है.

सबसे पहले मूंगफली भूनें

एक कड़ाही को गर्म करें और उसमें मूंगफली डालकर धीमी से मध्यम आंच पर भूनें. मूंगफली को लगातार चलाते रहें ताकि वह जले नहीं. जब मूंगफली की खुशबू आने लगे और उसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए तो गैस बंद कर दें. मूंगफली को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद हाथों से रगड़कर उसके छिलके निकाल लें. थोड़े बहुत छिलके रह जाएं तो भी कोई परेशानी नहीं है.

अब बनाएं पीनट बटर

भुनी और छिली हुई मूंगफली को मिक्सर या फूड प्रोसेसर में डालें. शुरुआत में मूंगफली पाउडर जैसी दिखाई देगी. मिक्सर को थोड़ी-थोड़ी देर चलाते रहें और जरूरत पड़ने पर किनारों पर लगी मूंगफली को चम्मच से नीचे कर दें. कुछ देर बाद मूंगफली से प्राकृतिक तेल निकलना शुरू होगा और मिश्रण धीरे-धीरे गाढ़े पेस्ट में बदल जाएगा. इसी प्रक्रिया से पीनट बटर को क्रीमी टेक्सचर मिलता है. अगर आपको ज्यादा स्मूद पीनट बटर चाहिए तो इसे कुछ देर और ब्लेंड करें.

अब इसमें स्वाद के अनुसार नमक और थोड़ा शहद या पाउडर चीनी डालकर फिर से ब्लेंड कर लें. अगर पीनट बटर बहुत ज्यादा गाढ़ा लग रहा है तो थोड़ा सा तेल डाल सकते हैं.

ऐसे करें स्टोर

तैयार पीनट बटर को एक साफ और सूखे एयरटाइट कांच के जार में भरकर रखें. जार में नमी या पानी नहीं जाना चाहिए. इसे ब्रेड और टोस्ट पर लगाकर खा सकते हैं या ओट्स, स्मूदी और शेक में भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

About the Author

Vividha SinghSub Editor

विविधा सिंह हिंदी डिजिटल पत्रकारिता का उभरता हुआ नाम हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में साढ़े चार साल का अनुभव है. वर्तमान में वह News18 हिंदी में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह लाइफस्टाइल वर्टि…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment