बिहार की राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में शनिवार कि रात को किसी बच्ची के साथ कथित छेड़छाड़ के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुई पत्थरबाजी से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

घटना के बाद एहतियात के तौर पर गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

फतुहा थाना अध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी बच्ची के साथ कथित छेड़छाड़ को लेकर विवाद उत्पन्न होने की बात सामने आई है। इसी विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और मामला बढ़कर पत्थरबाजी तक पहुंच गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। घटना के पीछे वास्तविक कारण और विवाद में शामिल लोगों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

घटना के बाद गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

रिपोर्टः बिट्टू कुमार





Source link

Write A Comment