जयपुर में अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के आरोपी राहुल झा (45 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। उसे सीकर से पकड़ा गया। करधनी पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी का पता लगाया। पुलिस ने उसकी जानकारी देने वाले को ₹25,000 के इनाम देने की घोषणा की थी।
होटल में पैसे खत्म होने के बाद अंगूठी बेचने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, पत्नी और तीन बेटियों की हत्या करने के बाद राहुल झा जयपुर से भागकर खाटूश्याम जी मंदिर गया और वहां पूजा-अर्चना की। मंदिर जाने के बाद, वह एक होटल में रुका। होटल में खर्चे के पैसे खत्म होने के बाद आरोपी ने अपनी अंगूठी बेचने की कोशिश की लेकिन होटल वाले ने अंगूठी लेने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी होटल छोड़कर रिंगस पहुंचा। आरोपी के रिंगस में होने की जानकारी CST को मिली। पुलिस ने रिंगस से मुंह पर रुमाल बांधे घूमते आरोपी राहुल को धर दबोचा। इसके बाद आरोपी को जयपुर लाया गया।
कर्ज में डूबने पर की हत्या
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कर्ज में डूबा होने की बात कही है। पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसने यह खौफ़नाक कदम इसलिए उठाया क्योंकि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था। पुलिस को शक है कि उसने खाने में ज़हर मिलाकर अपनी पत्नी और तीनों बेटियों को खिलाया। बताया जाता है कि वह सुबह जल्दी उठा और अपनी पत्नी व बेटियों को देखा। उसे शक हुआ कि ज़हर देने के बावजूद वे शायद बच जाएंगी। इसके बाद उसने घर के बाहर रखा लगभग 10 किलो वजन और डेढ़ फ़ीट आकार का सीमेंट का स्लैब उठाया और बेहोशी की हालत में अपनी पत्नी और बेटियों के सिर और चेहरे पर कई बार वार किए।हत्याओं के बाद उसने अपने खून से सने कपड़े बदले और भाग गया।
परिवार के 4 लोगों की हत्या के बाद बनाई चाय
पुलिस की जांच से पता चला है कि राहुल ने सुबह करीब 7 बजे दूध वाले से दूध लिया और अपने बुज़ुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा (85) के लिए चाय बनाई। इसके बाद उसने अपने पिता से कहा कि वह बाहर जा रहा है और घर से भाग गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में बड़ा खुलासा किया जाएगा।
बता दें कि पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि एक महिला और उसकी तीन बेटियों की हत्या कर दी गई है। जब अधिकारी घर पहुंचे, तो उन्हें गीता झा (40) और उनकी बेटियों नंदिनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) के खून से लथपथ शव मिले। गीता का शव घर की पहली मंज़िल के एक कमरे में मिला, जबकि उनकी तीनों बेटियों के शव ज़मीनी मंज़िल के दो कमरों में मिले। पुलिस ने घर से राहुल के खून से सने कपड़े भी बरामद किए। उसका मोबाइल फ़ोन घर पर ही मिला और वह स्विच ऑफ़ था।
ये भी पढ़ेंः सगी बहनें साथ आईं, साथ ही चली गईं… बद्रीनाथ तप्त कुंड का दिल दहला देने वाला हादसा, डुबकी लगाते दोनों की मौत