सोशल मीडिया पर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा के गणपति बप्पा को घर लाने के वीडियो वायरल हो रहे हैं। ‘लॉक अप: सच या सजा’ की कंटेस्टेंट बप्पा का घर में स्वागत करते हुए डांस करती दिखीं। हालांकि, लोगों ने वीडियो पर कमेंट किया कि ‘गोविंदा कहां हैं?’ अब आखिरकार सुनीता ने बताया है कि एक्टर कहां हैं। ANI से बातचीत में ‘हीरो नंबर 1’ की पत्नी सुनीता ने बताया कि गोविंदा गणेश चतुर्थी के सेलिब्रेशन से क्यों गायब हैं और कब तक घर वापस आएंगे।
गणेश उत्सव में क्यों नहीं दिखे गोविंदा
सुनीता आहूजा अपने घर में गणपति बप्पा के स्वागत की खुशी मना रही हैं। इस साल सुनीता खुद गणपति बप्पा को घर लाईं। उन्होंने बताया कि उनके पति-एक्टर गोविंदा अभी अमेरिका में हैं और बाद में लौटेंगे। ANI से बात करते हुए सुनीता ने कहा कि आमतौर पर गोविंदा और उनके बेटे यशवर्धन भगवान गणेश को घर लाते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने खुद यह जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया। सुनीता ने बताया:
‘इस बार मैं गणपति को बहुत नाच-गाने के साथ घर लाई, आम तौर पर गोविंदा जी या यशवर्धन उन्हें लाते हैं। पिछले एक साल में बप्पा ने मुझे बहुत शोहरत दी है। मैंने कड़ी मेहनत की है और मेरे लिए सब कुछ बहुत अच्छा रहा है। इसलिए मैंने तय किया कि मैं भगवान गणेश को अपने हाथों से लाऊंगी।’
गोविंदा के परिवार की परंपरा जारी रखेंगी सुनीता
सुनीता ने आहूजा परिवार में लंबे समय से चली आ रही गणपति परंपरा के बारे में भी बात की और बताया कि इसकी शुरुआत उनकी दिवंगत सास निर्मला देवी ने की थी। सुनीता ने कहा कि वह हर साल इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रही हैं। त्योहार के बारे में बात करते हुए सुनीता आहूजा ने कहा कि उन्हें गणेश चतुर्थी के दौरान घर में त्योहार का माहौल बहुत पसंद है। उन्होंने कहा:
‘गणपति की परंपरा मेरी स्वर्गीय सास निर्मला देवी ने शुरू की थी। मैंने हमेशा कहा है कि जब तक मैं जिंदा हूं, हर साल गणपति बप्पा को लाती रहूंगी। यह परंपरा तब से चली आ रही है और जब तक मैं यहां हूं, चलती रहेगी। मैं हमेशा डेढ़ दिन के लिए गणपति को रखती हूं, क्योंकि अगर उन्हें ज्यादा दिनों के लिए रखा जाए तो पूजा और बाकी सभी रस्में उसी हिसाब से करनी पड़ती हैं।’
गोविंदा की वापसी पर सुनीता आहूजा क्या बोलीं
इस साल के जश्न में जहां सुनीता सबसे आगे थीं तो वहीं गोविंदा अमेरिका में थे। उन्होंने बताया कि एक्टर के रात तक लौटने की उम्मीद है। सुनीता ने कहा, ‘गोविंदा जी अमेरिका में हैं, वह रात में वापस आएंगे। अगर वह थके हुए होंगे तो आज दर्शन के लिए नहीं आएंगे और कल आएंगे। यह उनका घर है, इसलिए उन्हें तो आना ही है।’ इससे पहले रविवार शाम को सुनीता आहूजा के घर के बाहर की तस्वीरें और वीडियो सामने आए, जिनमें वह खुशी-खुशी बप्पा को घर लाती हुई दिखीं। उन्हें ढोल की थाप पर जमकर नाचते हुए देखा गया। बता दें कि लंबे समय से गोविंदा और सुनीता आहूजा अपने रिश्तों को लेकर चर्चा में हैं।
(Input – ANI)
ये भी पढ़ें – गणपति पूजा में रो पड़ीं अर्जुन बिजलानी की पत्नी नेहा स्वामी, एक्टर ने पोंछे आंसू, वीडियो वायरल