होमफोटोलाइफ़फूड

चाय के साथ कुछ नया ट्राई करना है, तो बनाएं कद्दू के फूल की ये देसी पकौड़ी

Last Updated:

कद्दू के फूल से बनने वाली कुरकुरी पकौड़ी गांवों में बरसात के मौसम का खास नाश्ता है. बेसन और कुछ मसालों की मदद से इसे आसानी से घर पर बनाया जा सकता है. जानिए कद्दू के फूल की पकौड़ी बनाने की आसान रेसिपी.

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के ग्रामीण इलाकों में मौसम के साथ खान-पान भी बदलता रहता है. ग्रामीण इलाकों में घर के आसपास उगने वाली सब्जियों और पौधों के अलग-अलग हिस्सों से कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए जाते हैं. इन्हीं में से एक है कद्दू के फूल की पकौड़ी. आमतौर पर लोग कद्दू की सब्जी, कद्दू की खट्टी-मीठी सब्जी या कद्दू की मिठाई के बारे में तो जानते हैं, लेकिन इसके फूल से बनने वाली कुरकुरी पकौड़ी के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं.

कद्दू की बेल में बड़ी संख्या में पीले रंग के फूल आते हैं. इन फूलों को तोड़कर अच्छी तरह साफ करने के बाद बेसन के घोल में डुबोकर गर्म तेल में तला जाए, तो बेहद स्वादिष्ट पकौड़ी तैयार हो जाती है. बरसात और मौसम बदलने के दौरान चाय के साथ यह पकौड़ी घर में नाश्ते के तौर पर बनाई जाती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत अधिक सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती.

कद्दू के फूल की पकौड़ी के लिए बेसन सबसे मुख्य सामग्री है. एक कटोरी बेसन लेकर उसमें स्वादानुसार नमक डालें. इसके साथ थोड़ा लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और अजवाइन डाल सकते हैं. अगर आपको तीखा स्वाद पसंद है, तो बारीक कटी हरी मिर्च भी डाल सकते हैं‌ जिससे स्वाद और बेहतर हो सकता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए घोल तैयार करें ध्यान रखें कि घोल न तो बहुत पतला हो और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा. ऐसा घोल तैयार करें जो कद्दू के फूल पर आसानी से चिपक जाए और तलने के बाद उसकी अच्छी परत बन जाए. कुरकुरी पकौड़ी बनाने के लिए घोल को कुछ मिनट तक अच्छी तरह फेंटना भी जरूरी होता है. इससे बेसन का घोल हल्का और एकसार हो जाता है.

जब बेसन का घोल तैयार हो जाए और कद्दू के फूल साफ करके सूख जाएं, तो पकौड़ी बना सकते हैं. एक-एक फूल को बेसन के घोल में डालकर चारों तरफ से अच्छी तरह लपेटें
ध्यान रखें कि फूल के अंदर और बाहर बेसन की हल्की परत लग जाए. इसके बाद इसे सीधे गर्म तेल में डाल दें. अगर फूल बड़ा है, तो उसे हल्का मोड़कर भी घोल में डुबोया जा सकता है.

कद्दू के फूल को तेल में डालने के बाद कुछ समय तक उसे एक तरफ से पकने दें. इसके बाद कलछी की मदद से धीरे से पलटें दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं जब पकौड़ी का बाहरी हिस्सा कुरकुरा और सुनहरा दिखाई देने लगे, तो इसे तेल से निकाल लें अतिरिक्त तेल निकालने के लिए पेपर पर रख दें.

मंजू ने जानकारी देते हुए बताया कि बरसात के मौसम में आसानी से कद्दू के फूल मिल जाते हैं और आसानी से आप कद्दू के फूल की पकोड़ी तैयार कर सकते हैं. ऐसे में कद्दू की पकौड़ी को आप चाय, दही या हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं. धनिया, हरी मिर्च, थोड़ा नींबू और नमक डालकर तैयार की गई चटनी इसके स्वाद को और बढ़ा देती है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment