यूपी के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पंचायत सहायक को लेकर बड़ी जानकारी दी है। ओपी राजभर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पंचायत सहायक को अब प्रधान और सचिव नहीं हटा सकेंगे। पंचायत सहायक को डीएम की जांच के बाद ही हटाया जा सकता है। इसके अलावा, अब सीधे पंचायत सहायक के खाते में पैसा जाएगा। उसे 9 हजार रुपये महीना मानदेय दिया जाएगा। मुख्यमंत्री से इसकी अनुमति ले ली गई है।
यूपी में अभी हैं 57 हजार से ज्यादा पंचायत सहायक
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में 57 हजार से ज्यादा पंचायत सहायक की संख्या है। अब इन लोगों को कैशलेस सुविधा भी दी जाएगी। साथ ही, धरना प्रदर्शन के दौरान जो मुकदमे दर्ज हुए, उन्हें अब हटा लिया जाएगा। ओपी राजभर बोले कि सरकार की तरफ से बड़ा फैसला लिया गया है हम लोगों ने सारे मामले को देखा और उसके बाद पंचायत सहायकों के लिए निर्देश जारी हो गए हैं। 9 हजार रुपये का मानदेय इनको मिलेगा और कोई भी प्रधान, सेक्रेटरी के साथ मिलकर इनको नहीं हटाएगा। इसको लेकर आदेश जारी हो चुका है।
जो अपने पिता का नहीं हुआ, वह किसी का क्या होगा- राजभर
साथ ही, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। राजभर ने पूछा कि UCC से अखिलेश क्यों परेशान हैं? अखिलेश को अभी यह घोषणा कर देनी चाहिए कि अगर अगली हमारी सरकार बनती है तो हम मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाएंगे। अखिलेश यादव के लिए सिर्फ इतना कहूंगा कि जो अपने पिता का नहीं हुआ, जो अपने चाचा का नहीं हुआ, वह किसी का क्या होगा। अपने पिता को उन्होंने मंच से धक्का दे दिया था। चाचा को लोहिया ट्रक से हटा दिया। यह किसी पर भरोसा नहीं करते हैं और विनाश काले विपरीत बुद्धि, ऐसे ही काम होता है।
किसी गलतफहमी में ना रहें ओवैसी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, ओम प्रकाश राजभर ने असदुद्दीन ओवैसी के लिए कहा कि उनके कहने से वो मुख्यमंत्री नहीं बन जाएंगे। कोई ओवैसी से जाकर पूछे कि CAA-NRC तो लागू है, कितने मुसलमान जेल चले गए। यह लोग विरोधी पार्टी के लोग हैं। इनका काम ही विरोध करना है और उनके जिम्मे कोई काम नहीं है। ओवैसी के साथ न तो समाजवादी पार्टी गठबंधन करेगी ना ही कांग्रेस, कोई नहीं चाहता मुसलमान का नेता ओवैसी बनें। इसीलिए वह गलतफहमी में न रहें। उत्तर प्रदेश में कोई उनसे गठबंधन नहीं करने वाला है।
शिवपाल यादव पर भी राजभर ने कसा तंज
वहीं, AISA के कार्यक्रम पर मंत्री राजभर ने कहा कि यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार है। यहां अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, शिवपाल सिंह यादव पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि वह दुविधा में हैं। उन्हें न माया मिली न राम।
PDA के मतलब को लेकर फिर साधा निशाना
इस दौरान, ओमप्रकाश राजभर ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के पूर्व उनको बधाई दी। साथ ही, प्रयागराज की घटना पर कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं आई है। लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। चाहे कौशांबी की बात कीजिए, मऊ की बात कीजिए या जौनपुर की बात कीजिए। हर जगह पीट देगा अहीर और पीट देगा अल्पसंख्यक (PDA), यही देखने को मिल रहा है। अखिलेश यादव ने अपने शासन काल में इन लोगों को इतना निरंकुश बना दिया था, इसलिए ये सब घटनाएं हो रही है। इससे पहले हाल ही में ओपी राजभर ने PDA का नया मतलब बताया था। राजभर ने कहा था कि P से पहली, D से दूसरी और A से अगली हार है।
ये भी पढ़ें- ‘PDA यानी पीट देगा अशफाक…अखिलेश जी आपको कुर्मी समाज से इतनी चिढ़ क्यों’, ओपी राजभर ने सपा प्रमुख पर साधा निशाना