एशियन गेम्स में उतरने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब पता चला कि स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण जापान के खिलाफ होने वाले एकमात्र T20 इंटरनेशनल और 2026 एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं। ऐसे में BCCI ने वरुण चक्रवर्ती के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है।उनकी जगह लेग स्पिन ऑलराउंडर विप्रज निगम को टीम में शामिल किया गया है। निगम के लिए यह पहला इंटरनेशनल कॉल-अप है। 

वरुण को दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20 मैच के दौरान साइड स्ट्रेन की समस्या हुई थी। इसके बाद उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ बाकी सीरीज से बाहर कर दिया गया था। उस समय उम्मीद थी कि वह एशियन गेम्स के लिए टीम के साथ जुड़ पाएंगे, लेकिन चोट के कारण अब ऐसा संभव नहीं होगा। खास बात यह है कि वरुण हैमस्ट्रिंग की चोट से वापसी के बाद अपना पहला ही इंटरनेशनल मुकाबला खेल रहे थे, तभी उन्हें यह नई परेशानी हुई।

विप्रज निगम को पहली बार मिला मौका

वरुण की जगह चुने गए विप्रज निगम को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वह IPL 2025 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलने के बाद चर्चा में आए थे। उस सीजन उन्होंने 14 मुकाबलों में 11 विकेट हासिल किए थे। हालांकि उनका इकॉनमी रेट 9.12 रहा, लेकिन बल्ले से भी उन्होंने प्रभाव छोड़ा और 179.74 के स्ट्राइक रेट से 142 रन बनाए।

IPL 2026 में निगम का प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा। उन्होंने पांच मैचों में सिर्फ 15 रन बनाए और दो विकेट लिए। हालांकि इसके बाद इंडिया ए के लिए उनका प्रदर्शन बेहतर रहा। जून में श्रीलंका में खेली गई ODI ट्राई सीरीज में निगम भारत के संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने पांच मैचों में सात विकेट लिए। बल्ले से भी उन्होंने 126.08 के स्ट्राइक रेट से 116 रन बनाए।

नीतीश कुमार रेड्डी भी एशियन गेम्स टीम से बाहर

भारतीय टीम में एक और बदलाव किया गया है। दरअसल, एशियन गेम्स की टीम का जब ऐलान हुआ था, तो नीतीश कुमार रेड्डी को भी मौका दिया गया था, लेकिन अब उन्हें जापान जाने वाले स्क्वाड से हटा दिया गया है। अब वह वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली ODI सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। वरुण की गैरमौजूदगी में स्पिन विभाग की जिम्मेदारी अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई के कंधों पर रहने की संभावना है। वॉशिंगटन सुंदर और विप्रज निगम टीम में बैकअप विकल्प के तौर पर मौजूद रहेंगे।

जापान T20I और एशियन गेम्स के लिए भारत की अपडेटेड टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन (विकेट कीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर, विप्रज निगम।

यह भी पढ़ें:

एशियन गेम्स से पहले टीम इंडिया के स्क्वाड में बदलाव, वरुण चक्रवर्ती बाहर, किसकी हुई एंट्री

WPL ऑक्शन को लेकर बड़ा ऐलान, अगले महीने कोच्चि में लगेगी खिलाड़ियों पर बोली

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment