भारत की डेविस कप टीम इस समय साउथ कोरिया के खिलाफ बड़े मुकाबले की तैयारी में जुटी है। भारत और साउथ कोरिया के बीच यह मुकाबला काफी अहम है, जिसमें भारतीय टीम की नजर जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाने पर होगी, क्योंकि जीत दर्ज करने वाली टीम फाइनल-8 में जगह बनाएगी। हालांकि, अनुभवी भारतीय खिलाड़ी सुमित नागल का मानना है कि इस लक्ष्य के दबाव के बारे में ज्यादा सोचने के बजाय खिलाड़ियों को कोर्ट पर छोटी-छोटी चीजों पर ध्यान देना होगा। 

साउथ कोरिया 18 और 19 सितंबर को भारत के खिलाफ डेविस कप के दूसरे दौर के क्वालीफायर की मेजबानी करेगा। मुकाबले से पहले इंडिया टीवी के स्पोर्ट्स एडिटर समीप राजगुरु से खास बातचीत में नागल ने टीम की तैयारियों, साउथ कोरिया की परिस्थितियों, युवा खिलाड़ी डीके सुरेश, युकी भांबरी की चोट और दबाव से निपटने के तरीके पर खुलकर बात की।

नागल ने बताया कि भारतीय टीम कोरिया पहुंच चुकी है और पिछले कुछ दिनों से लगातार अभ्यास कर रही है। उन्होंने कहा कि टीम के पास मैच शुरू होने से पहले कुछ और दिन हैं। ऐसे में खिलाड़ी कोर्ट और जिम में काफी समय बिता रहे हैं। सब अच्छा चल रहा है। हम अगली प्रैक्टिस का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और मैचों के लिए तैयार हो रहे हैं।

नीदरलैंड्स के खिलाफ पिछले मैच में जीत को लेकर नागल ने कहा कि हमारे लिए टाई अच्छा गया। डीके ने तीन बहुत अच्छे मैच खेले, फरवरी में उन्होंने जो किया, उसके लिए उन्हें सलाम। हमने घरेलू परिस्थितियों का अच्छा फायदा उठाया। बैंगलोर में मैच था। उन्हें लगता है कि यह टाई भारतीय टीम के जीतने के लिए ही बना था। हम उम्मीद कर रहे हैं कि उसी एटीट्यूड और उसी एनर्जी सियोल में भी दिखाएं।

साउथ कोरिया में मीडियम पेस कोर्ट

सुमित ने कोरिया की कंडीशंस और कोर्ट्स के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि साउथ कोरिया में कोर्ट मीडियम पेस हैं। बहुत सारी रैलियां होंगी। उन्हें लगता है कि मौसम 24-25 डिग्री के आसपास रहेगा, बहुत सुहावना रहेगा। न ज्यादा गरम, न ज्यादा ह्यूमिड। तो उन्हें लगता है कि दोनों टीमों के लिए ठीक रहेगा।

सुमित नागल भारतीय डेविस कप टीम में सबसे अनुभवी और स्टार प्लेयर हैं। ऐसे में किसी भी प्लेयर पर प्रेशर होना स्वाभाविक होगा। इस पर सुमित ने अपने रोल के बारे में कहा कि हर एक टीम मेंबर पर प्रेशर है क्योंकि हर कोई एक ही चीज चाहता है। हर कोई क्वालीफाई करना चाहता है, हर कोई जीतना चाहता है। और हमें पता है कि मौका अच्छा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपना ध्यान बहुत छोटी और सिंपल चीजों पर फोकस करना होता है। अगर आपने अपने दिमाग को खुला छोड़ दिया और बोला कि सोचते रहो, तो दिमाग बहुत भटकेगा। इसलिए आपको खुद को उन चीजों पर फोकस करने के लिए मजबूर करना पड़ता है, जो उस सेकेंड या उस मिनट में सबसे जरूरी हैं।

नागल ने आगे कहा कि वह जब कोर्ट पर समय बिताता हैं, तो अपने फोरहैंड, फुटवर्क और सर्विस पर फोकस करते हैं। जब वह जिम में होते हैं, तो बॉडी पर ध्यान देते हैं। जब फिजियो के साथ होते हैं, तो रिकवरी पर फोकस करते हैं। 9-10 घंटे की नींद लेने की कोशिश करते हैं और अगले दिन वही दोहराने के लिए तैयार रहते हैं। बाकी प्रेशर और घबराहट तो रहेगी ही जब आप फ्राइडे को मैच के लिए उतरेंगे। उससे आप भाग नहीं सकते। पहले कुछ गेम्स में वो रहेगा, लेकिन आपको उसे स्वीकार करना होगा, डील करना होगा और आगे बढ़ना होगा।

कोरिया के खिलाड़ी बेहतरीन

कोरियाई टीम के खिलाड़ियों को लेकर नागल ने एक अहम बात कही। उन्होंने इस धारणा को खारिज किया कि भारत के लिए कोरिया के खिलाड़ी अनजान हैं। नागल ने बताया कि कोरिया के प्रमुख खिलाड़ियों के पास काफी अनुभव है और वह खुद उनमें से कई को लंबे समय से जानते हैं। उनका नंबर 1 खिलाड़ी टॉप-50 में रह चुका है और ATP 250 का विनर है। जो दूसरा खिलाड़ी है, वो वर्ल्ड में 130 रह चुका है, जूनियर्स में नंबर 2 था। हम सब अंडर-12 से एक साथ बड़े हुए हैं, इसलिए हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह जानते हैं।

उन्होंने साउथ कोरिया के सिंगल्स के तीसरे खिलाड़ी ह्योन चुंग के बारे में बताया कि वर्ल्ड में टॉप-20 रह चुके हैं, जोकोविच को हरा चुके हैं और ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। तो उन्हें नहीं लगता कि यह देखने का सही तरीका है कि लोगों ने इनके नाम नहीं सुने हैं। ये बहुत अच्छे टेनिस प्लेयर्स हैं। यही बात जापान और चीन के लिए भी सच है।

डीके सुरेश की जमकर तारीफ

भारतीय टीम के युवा खिलाड़ी डीके सुरेश की नागल ने जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि वह सुरेश को करीब 10 साल से जानते हैं और लगातार उनके संपर्क में रहते हैं। नागल के मुताबिक, चोट और कोविड के कारण सुरेश के करियर के कुछ साल प्रभावित हुए, लेकिन अब वह शानदार टेनिस खेल रहे हैं। नागल ने कहा कि वह युवा खिलाड़ी को अपनी तरफ से जितनी संभव हो मदद और सलाह देने की कोशिश करते हैं। उन्होंने सुरेश को शर्मीला लेकिन दिल का अच्छा इंसान बताते हुए उम्मीद जताई कि डेविस कप में उनका शानदार प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा और वह भारत को अहम पॉइंट दिलाने में मदद करेंगे।

युकी भांबरी के बाहर होने पर क्या बोले नागल?

युकी भांबरी के चोट के कारण आखिरी समय पर टीम से हटने को नागल ने भारत के लिए झटका माना, लेकिन उन्होंने इसे टीम स्पोर्ट्स का हिस्सा भी बताया। उन्होंने कहा कि किसी शीर्ष सिंगल्स या डबल्स खिलाड़ी का बाहर होना कभी अच्छा नहीं होता, लेकिन ऐसे हालात से खिलाड़ियों को निपटना सीखना पड़ता है। नागल ने भरोसा जताया कि भारत के पास डबल्स में अच्छे विकल्प मौजूद हैं। उन्होंने अनिरुद्ध और निकी का नाम लेते हुए कहा कि दोनों व्यक्तिगत तौर पर टॉप-100 खिलाड़ी हैं और उन्हें उम्मीद है कि भारत की डबल्स जोड़ी अच्छा प्रदर्शन करेगी।

यह भी पढ़ें:

IND vs PAK मुकाबले के लिए हो जाइए तैयार, पाकिस्तान की टीम आएगी भारत! एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में होगी भिड़ंत

एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अमेरिका के शेल्टन को हराकर जीता US ओपन 2026 का खिताब





Source link

Write A Comment