आज (17 सितंबर को) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है और दुनिया भर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। इसके अलावा, आज भारत के कई शहरों में तमाम प्रोग्राम आयोजित किए जा रहे हैं। BJP और केंद्रीय मंत्रियों ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी 25 साल की सार्वजनिक सेवा के लिए आशीर्वाद देने के लिए दीया जलाने का आह्वान किया है। आज से लेकर 17 अक्टूबर तक बीजेपी ‘संकल्प सेवा अभियान’ की शुरुआत कर रही है। जन्मदिवस के मौके पर PM मोदी को देश-दुनिया के तमाम नेताओं और सेलिब्रिटीज ने बधाई दी।

पीएम मोदी का जीवन तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा- अमित शाह

इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, ‘अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता के प्रतीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। कर्म को साधना और राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय बनाकर चलने वाले पीएम मोदी का जीवन तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है। सेवा और समर्पण से भरी उनकी यात्रा करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दीर्घायु और स्वस्थ रहें और उनके नेतृत्व में देश प्रगति की नई ऊंचाइयां प्राप्त कर 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को सिद्ध करने की दिशा में आगे बढ़ता रहे।’

PM मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा भारत- राजनाथ सिंह

वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत के लक्ष्य की ओर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। आधारभूत संरचना से लेकर डिजिटल कनेक्टिविटी तक, गरीब कल्याण से लेकर नवाचार और उद्यमिता तक, हमने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक और उल्लेखनीय प्रगति की है। आज नागरिकों का जीवन अधिक सुगम हुआ है, अवसरों का विस्तार हुआ है और प्रत्येक नागरिक के लिए गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जा रहा है। पीएम मोदी ने सुशासन और जनसेवा को देश की विकास यात्रा के केंद्र में रखते हुए प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाया है। उनके नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक चेतना और विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान और प्रतिष्ठा मिली है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की महादेव से कामना करता हूं।’

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भारत आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा- नितिन नवीन

साथ ही, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए X पर पोस्ट किया, ‘राष्ट्रसेवा और समर्पण के पर्याय, 140 करोड़ देशवासियों के नेतृत्वकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। Nation First के संकल्प के साथ आपकी यह यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण की एक प्रेरक गाथा रही है। यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशवासियों के उस सामूहिक स्वप्न की भी यात्रा है, जिसे आपने अपने कर्म और साधना से दिशा दी है। आपके मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है तथा विश्व पटल पर अपनी नई पहचान और सामर्थ्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति प्रदान करें।’





Source link

Write A Comment