Highlights

  • अमित शाह ने वडनगर से वाराणसी तक सेवा संकल्प बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाई।
  • सात राज्यों के 600 से ज्यादा बाइकर्स यात्रा में शामिल होकर गांवों से गुजरेंगे।
  • अमित शाह ने पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा का जिक्र किया।

वडनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बाइक यात्रा शुरू की गई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वडनगर में आयोजित फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम को संबोधित किया। यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की जन्मभूमि वडनगर को उनकी कर्मभूमि वाराणसी से जोड़ रही है। अभियान के तहत देशभर में सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। बिहार में तो एक शख्स ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर 76 कप चाय फ्री पिलाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की है

शाह ने हाटकेश्वर महादेव मंदिर का किया जिक्र

अमित शाह ने इस मौके पर वडनगर के हाटकेश्वर महादेव मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी के जन्मदिन पर उनके पैतृक गांव आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा,

‘आज मेरा सौभाग्य है कि मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर उनके पैतृक गांव में आया हूं, जहां पौराणिक हाटकेश्वर महादेव मंदिर स्थित है। सोलंकी युग से ही यह मंदिर समस्त गुजरात के लिए आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र रहा है। हाटकेश्वर महादेव मोदी जी को दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर देशसेवा की शक्ति प्रदान करें।’

वडनगर से काशी तक जाएगी बाइक यात्रा

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जन्मभूमि वडनगर से उनकी कर्मभूमि काशी तक इस यात्रा की शुरुआत हो रही है। उनके मुताबिक, यात्रा हाटकेश्वर महादेव मंदिर के परिसर से शुरू होकर काशी विश्वनाथ मंदिर तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा,

‘7 राज्यों से 600 से अधिक बाइकर्स इस यात्रा में शामिल होंगे और अनेक गांवों से गुजरते हुए मोदी जी के सेवा और विकास कार्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।’

इस अभियान का उद्देश्य वडनगर और वाराणसी के बीच सेवा यात्रा के जरिए मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े संदेश को अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचाना बताया गया है। भाजपा की ओर से वडनगर और वाराणसी, दोनों दिशाओं से सेवा यात्राओं की योजना बनाई गई है।

‘मोदी जी का जीवन युवाओं के लिए जानना जरूरी’

अमित शाह ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर होने वाले कार्यक्रमों पर सवाल उठाने वालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पूछते हैं कि मोदी का जन्मदिन मनाने की क्या जरूरत है। शाह के मुताबिक, मोदी का जीवन ऐसा है जिससे युवाओं और बच्चों को परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने कहा,

‘मोदी जी के जीवन और उनके संघर्ष से प्रेरणा लेकर देश में सैकड़ों नरेंद्र मोदी तैयार हों, यही समय की आवश्यकता है।’

शाह ने आगे कहा कि 2047 तक भारत को विश्व में अग्रणी बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए ऐसी 3 पीढ़ियों की जरूरत होगी, जो मोदी की कल्पना के भारत को आगे मजबूत करें।

‘लगातार 25 वर्षों तक मिला है जनता का विश्वास’

अमित शाह ने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी ने लगातार 25 वर्षों तक जनता का विश्वास और जनादेश प्राप्त किया है। शाह ने इसे सार्वजनिक जीवन में एक असाधारण उपलब्धि और देश के लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत सादगी और ईमानदारी का भी उल्लेख किया। अमित शाह ने कहा,

‘सार्वजनिक जीवन में उन पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं है। वे दलदल में कमल की तरह निष्कलंक रहकर देशसेवा करते रहे हैं।’

शाह ने कहा कि मोदी ने भारत को अपना परिवार माना और अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया।

‘मैंने मोदी जी को बहुत करीब से देखा है’

अमित शाह ने कहा कि उन्होंने नरेंद्र मोदी के साथ संगठन से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक के अलग-अलग चरणों में काम किया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने मोदी को करीब से देखा है। शाह ने कहा कि मोदी ने बिना अवकाश लिए 25 वर्षों तक दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों की सेवा की है। उनके मुताबिक, मोदी ने खुद ‘राष्ट्रप्रथम’ के विचार को अपनाने के साथ करोड़ों कार्यकर्ताओं को भी इस विचार से जोड़ा और देशसेवा के लिए प्रेरित किया।

वडनगर के संघर्ष और मोदी के विकास विजन का जिक्र

अमित शाह ने कहा कि वडनगर में गरीबी में जीवन बिताने के बावजूद मोदी ने कभी कुंठा नहीं रखी। उन्होंने हमेशा ऐसे भारत की कल्पना की जिसमें पूरे समाज का विकास हो और विकास का लाभ हर वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि और विशेष सहारे के, अपने परिश्रम और संकल्प के बल पर मोदी आज विश्व के आकाश में ध्रुव तारे की तरह चमक रहे हैं। शाह ने कहा कि देश के 80 करोड़ लोगों के लिए मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल स्वर्णयुग के रूप में याद किया जाएगा।

सेवा और विकास का संदेश पहुंचाने पर जोर

शाह ने मोदी के नेतृत्व के 12 वर्षों के दौरान भारत की समृद्धि, सुरक्षा, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत के विकास से जुड़े इन वर्षों को इतिहास हमेशा याद रखेगा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी तक निकलने वाली यात्रा में गांवों और अलग-अलग क्षेत्रों से गुजरते हुए सेवा, विकास और जनकल्याण से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाने की बात कही गई है। बीजेपी ने इस अभियान को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने से भी जोड़ा है।

ये भी पढ़ें: कलाकार ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर उन्हें समर्पित किया ‘आशीर्वाद का दीया’ गाना, PM मोदी ने की तारीफ





Source link

Write A Comment