Last Updated:
Jharkhandi Style Chawal Chilka Recipe: झारखंडी चावल का छिलका एक ऐसी रेसिपी है जिसे बनाने में ना बहुत सामग्री लगती है और ना ही बहुत मेहनत. यूं तो ये सब्जी, चटनी, अचार किसी के भी साथ खाया जा सकता है पर इसका असली स्वाद चिकन-मटन ग्रेवी के साथ आता है.
जमशेदपुर. एक बार घर पर झारखंडी चावल का छिलका बनाएं, इसका स्वाद बच्चों और बड़ों सबको बहुत पसंद आएगा. इस डिश की खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. जमशेदपुर के कदमा की रहने वाली रानी मुखी ने बताया कि झारखंड में चावल से बनने वाला यह पारंपरिक व्यंजन कई लोगों को काफी पसंद आता है. इसे खासतौर पर देसी सब्जी, चटनी के साथ खाया जाता है, लेकिन अगर इसे मटन या चिकन की ग्रेवी के साथ खाया जाए तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
सबसे पहले भिगो दें चावल
चावल का छिलका बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छी तरह साफ करके 5 से 6 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें. चावल अच्छी तरह फूल जाए तो उसका पानी निकाल लें. अब भीगे हुए चावल को मिक्सर में डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और इसे अच्छी तरह बारीक पीस लें. ध्यान रखें कि चावल का घोल बहुत ज्यादा पतला न हो. घोल तैयार होने के बाद इसे एक बड़े बर्तन में निकाल लें और स्वाद के अनुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. आप इसके लिए चावल का आटा भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
मध्यम आंच पर सेंक लें
अब गैस पर तवा रखें और उसे अच्छी तरह गर्म होने दें. तवा गर्म हो जाए तो उस पर हल्का सा पानी छिड़ककर साफ कर लें. इसके बाद चावल के तैयार घोल को तवे के बीच में डालें और चम्मच की मदद से इसे गोल आकार में पतला-पतला फैला दें. इसे मध्यम आंच पर कुछ देर तक पकने दें. जब नीचे की तरफ से छिलका हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने लगे, तो इसे सावधानी से पलट दें.
दोनों तरफ से अच्छी तरह सिक जाने के बाद चावल के छिलके को तवे से निकाल लें. इसी तरह पूरे घोल से एक-एक करके छिलका तैयार कर लें. इसे आप अपनी पसंद के हिसाब से थोड़ा कुरकुरा या फिर हल्का नरम भी रख सकते हैं. ताजा-ताजा गर्म छिलका खाने का मजा ही अलग होता है.
चिकन-मटन के साथ असली स्वाद
रानी मुखी बताती हैं कि इसे सिर्फ चटनी या सब्जी के साथ ही नहीं बल्कि मटन और चिकन की मसालेदार ग्रेवी के साथ भी खाया जा सकता है. गर्मागर्म चावल का छिलका जब मटन या चिकन की ग्रेवी में डुबोकर खाएंगे, तो देसी स्वाद का मजा और भी बढ़ जाएगा. खासकर जिन लोगों को झारखंडी और देसी खाना पसंद है, उनके लिए यह कॉम्बिनेशन काफी स्वादिष्ट हो सकता है.
रोटी की जगह ट्राई करें छिलका
घर पर बनने वाला यह व्यंजन स्वाद के साथ झारखंड की पारंपरिक खान-पान की झलक भी देता है. इसके लिए किसी खास तरह की महंगी सामग्री की जरूरत नहीं होती और इसे आसानी से घर पर तैयार किया जा सकता है. इसलिए अगली बार अगर घर में मटन या चिकन बने, तो बाजार की रोटी या दूसरी चीजों की जगह एक बार झारखंडी स्टाइल चावल का छिलका बनाकर जरूर ट्राई कर सकते हैं.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें