अचारी अरबी रेसिपी (Achari Arbi Recipe): अरबी की सब्जी (Arbi Ki Sabji) कई लोग खाना काफी पसंद करते हैं, वहीं कई लोगों को इसका स्वाद ज्यादा नहीं भाता है. आप भी अगर अरबी की सब्जी खाना ज्यादा पसंद नहीं करते हैं तो आज हम आपको कुरकुरी अचारी अरबी बनाने का तरीका बताएंगे जिसे खाकर आप बार-बार इसे मांगने से नहीं चूकेंगे. अचारी अरबी का स्वाद काफी लजीज होता है और इसे आसानी से घर में तैयार किया जा सकता है. अचारी अरबी को बच्चों के टिफिन में भी रखकर भेजा जा सकता है. अचारी अरबी पराठे के साथ और भी टेस्टी लगती है, हालांकि आप इसे रोटी के साथ भी स्वाद लेकर खा सकते हैं.
अचारी अरबी बनाने के लिए सामग्री
अरबी – 1/2 किलो
अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 टी स्पून
लाल मिर्च पाउडर – 1 टी स्पून
हल्दी पाउडर – 1/2 टी स्पून
धनिया पाउडर – 1 टी स्पून
मेथी दाना – 1/4 टी स्पून
राई – 1/2 टी स्पून
कलोंजी – 1/4 टी स्पून
अजवाइन – 1/2 टी स्पून
जीरा – 1 टी स्पून
हींग – 1 चुटकी
सौफ – 1/2 टी स्पून
गरम मसाला – 1/2 टी स्पून
अमचूर – 1 टी स्पून
हरा धनिया कटा – 1 टेबलस्पून
हरी मिर्च कटी – 5
तेल
नमक
अचारी अरबी बनाने की विधि
अचारी अरबी बनाने के लिए सबसे पहले अरबी को लें और उन्हें कुकर में उबाल लें. एक सीटी आने के बाद गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर रिलीज होने के बाद उसे खोल लें. अरबी पकने के बाद उसे कुकर से निकाल लें और जब अरबी ठंडी हो जाए तो उसे छीलकर अपने मनपसंद आकर में काट लें. अब एक नॉनस्टिक पैन/तवा लें और उसमें थोड़ा सा तेल डालकर गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें जीरा, राई, मेथी दाना, अजवाइन, कलौंजी डालकर फ्राई करें. लगभग एक मिनट के बाद मसाले में अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर थोड़ी देर और भून लें.
इसे भी पढ़ें: Jeera Paratha Recipe: जीरा पराठा बनाने की सबसे आसान रेसिपी
अब इस मसाले में हरी मिर्च डालकर तलें. फिर कटी हुई अरबी मसाले में डालें और उन्हें मसाले के साथ अच्छी तरह से मिक्स कर दें. अब इसमें स्वादानुसार नमक डालकर मीडियम आंच पर फ्राई होने दें. जब अरबी गोल्डन ब्राउन हो जाए तो आंच धीमी कर दें. अरबी को फ्राई करने के दौरान बीच-बीच में चलाते रहें. इससे अरबी जलेगी नहीं और धीमी आंच पर सेकनें से कुरकुरी भी बनेगी.
इसे भी पढ़ें: Aloo Ke Kofte Recipe: आलू के कोफ्ते बनाने की आसान रेसिपी
जब अरबी का कलर गोल्डन होने लगे तो उसमें ऊपर से हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर पाउडर, हींग, सौंफ और गरम मसाला डालकर सभी को अरबी के साथ अच्छी तरह से मिला लें. अब धीमी आंच पर अचारी अरबी को लगभग 3-4 मिनट तक पकने दें. बीच-बीच में सब्जी को चलाते भी रहें. आखिर में ऊपर से हरा धनिया डाल दें और एक मिनट तक फ्राई करने के बाद गैस बंद कर दें. आपकी स्वादिष्ट अचारी अरबी बनकर तैयार हो चुकी है. इसे पराठे, रोटी के साथ खा सकते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Food, Food Recipe, Lifestyle