Last Updated:
Vada Pav History: वड़ा पाव की शुरुआत मजबूरी से हुई थी, लेकिन आज ये मुंबई की पहचान बन चुका है. मजदूरों की जरूरत से जन्मा ये स्नैक अब देश-विदेश में पसंद किया जाता है. इसका सफर छोटे स्टॉल से ग्लोबल पहचान तक पहुंचने की एक शानदार कहानी है.
मुंबई स्ट्रीट फूड वड़ा पाव का इतिहास
Vada Pav History: अगर आप कभी मुंबई गए हों, तो आपने वहां की गलियों में मिलने वाला वड़ा पाव जरूर देखा होगा. ये सिर्फ एक स्नैक नहीं, बल्कि शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी का हिस्सा है. सुबह ऑफिस जाने वाले लोग हों या दिनभर मेहनत करने वाले मजदूर, हर किसी के हाथ में कभी ना कभी वड़ा पाव जरूर दिख जाता है. सस्ता, पेट भरने वाला और जल्दी मिलने वाला ये फूड आइटम आज सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे देश और विदेशों तक पहुंच चुका है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर ये वड़ा पाव शुरू कैसे हुआ? इसकी शुरुआत किसी बड़े होटल या शेफ के किचन से नहीं, बल्कि एक जरूरत और मजबूरी से हुई थी.
करीब 60 साल पहले एक इंसान ने मजदूरों की भूख मिटाने के लिए जो छोटा सा प्रयोग किया, वही आज करोड़ों लोगों का फेवरेट बन चुका है. इस आर्टिकल में हम आपको वड़ा पाव की इसी दिलचस्प कहानी से रूबरू कराएंगे.
मजदूरों की भूख से जन्मा वड़ा पाव
1960 के दशक में मुंबई तेजी से बदल रहा था. उस समय कपड़ा मिलों में काम करने वाले मजदूरों की संख्या बहुत ज्यादा थी. ये लोग सुबह-सुबह काम पर जाते थे और उन्हें ऐसा खाना चाहिए होता था जो सस्ता हो और जल्दी मिल जाए.
इसी जरूरत को समझते हुए 1966 में अशोक वैद्य ने दादर रेलवे स्टेशन के बाहर एक छोटा सा स्टॉल लगाया. यहां उन्होंने बटाटा वड़ा बेचना शुरू किया. धीरे-धीरे उन्होंने एक नया तरीका अपनाया, जिसमें वड़े को पाव के बीच में रखकर चटनी के साथ परोसा जाने लगा. ये आइडिया इतना हिट हुआ कि देखते ही देखते वड़ा पाव मजदूरों का सबसे पसंदीदा खाना बन गया.
एक छोटा प्रयोग जिसने बदल दी तस्वीर
अशोक वैद्य का ये प्रयोग सिर्फ एक खाने का तरीका नहीं था, बल्कि उस समय की जरूरत का सॉल्यूशन था. मजदूर चलते-फिरते इसे आसानी से खा सकते थे और इसकी कीमत भी कम थी. यही वजह रही कि वड़ा पाव तेजी से लोगों के बीच फैलने लगा. हर गली में छोटे-छोटे स्टॉल लगने लगे और ये मुंबई की पहचान बनता चला गया.
राजनीति का भी रहा अहम रोल
वड़ा पाव को आगे बढ़ाने में उस समय की राजनीति का भी बड़ा असर देखने को मिला. शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे ने लोकल लोगों को अपने पारंपरिक फूड को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया. इसका असर ये हुआ कि कई लोगों ने वड़ा पाव के स्टॉल खोलना शुरू कर दिए. खासकर 1970 और 80 के दशक में जब मिलें बंद होने लगीं, तो बेरोजगार मजदूरों ने इसी को अपना रोजगार बना लिया. इससे वड़ा पाव का फैलाव और तेजी से हुआ और ये हर वर्ग के लोगों की पसंद बन गया.
विदेशी चीजों से बना देसी स्वाद
दिलचस्प बात ये है कि वड़ा पाव में इस्तेमाल होने वाली चीजें पूरी तरह देसी नहीं हैं. आलू और पाव दोनों ही बाहर से भारत में आए थे, लेकिन जिस तरह भारतीय मसालों और स्वाद के साथ इसे तैयार किया गया, उसने इसे पूरी तरह देसी बना दिया. यही कारण है कि आज वड़ा पाव को दुनिया के बेहतरीन स्ट्रीट फूड में गिना जाता है.
आज का वड़ा पाव
आज वड़ा पाव सिर्फ एक स्ट्रीट फूड नहीं, बल्कि एक ब्रांड बन चुका है. बड़े-बड़े रेस्टोरेंट्स में इसे अलग-अलग स्टाइल में परोसा जा रहा है. इतना ही नहीं, विदेशों में भी भारतीय फूड के साथ वड़ा पाव को खास जगह मिली है. मुंबई आने वाला हर टूरिस्ट इसे जरूर ट्राई करता है.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें