Last Updated:
भीषण गर्मी में एसी लोगों को राहत तो दे रहा है, लेकिन अब यही एसी कई जगहों पर हादसों की वजह भी बनता जा रहा है. देश के अलग-अलग हिस्सों से एसी में ब्लास्ट और आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है. सवाल यह है कि आखिर एसी फट क्यों रहे हैं? क्या इसकी वजह बढ़ता तापमान है, गलत इस्तेमाल है या मेंटेनेंस की कमी?
कहीं आपका AC भी बन रहा टाइम बम?
नई दिल्ली. देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी से बचने के लिए लोग दिन-रात एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल कर रहे हैं. लेकिन पिछले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों से AC ब्लास्ट होने और आग लगने की डरावनी खबरें सामने आई हैं। आखिर ठंडी हवा देने वाली यह मशीन अचानक खतरे की वजह क्यों बनती जा रही है? क्या इसके पीछे बढ़ता तापमान है या हमारी कुछ छोटी गलतियां?
इस बारे में एसी टेक्नीशियन अविनाश पांडे ने कुछ बेहद जरूरी बातें और उपाय बताए हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपने परिवार और घर को सुरक्षित रख सकते हैं.
16-18 डिग्री पर AC चलाना पड़ सकता है भारी
अविनाश पांडे के मुताबिक, जब बाहर का तापमान 45 डिग्री के आसपास हो और आप कमरे को जल्दी ठंडा करने के लिए एसी को 16 या 18 डिग्री पर चला देते हैं, तो मशीन के कंप्रेसर पर बहुत ज्यादा लोड पड़ता है. इससे एसी के फटने का खतरा बढ़ जाता है. उनके अनुसार, विंडो एसी ज्यादा सक्सेसफुल होते हैं और सुरक्षित रहते हैं.
लोकल मैकेनिक की ये चालाकी बन रही है ‘ब्लास्ट’ की वजह
एक्सपर्ट ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि कई बार पैसे बचाने के चक्कर में लोकल टेक्नीशियन एसी की गैस में LPG मिला देते हैं. एलपीजी बेहद ज्वलनशील होती है और इसी वजह से एसी में ब्लास्ट हो जाते हैं. हमेशा कंपनी के ऑथराइज्ड टेक्नीशियन से ही काम करवाएं. ध्यान रखें कि आपके एसी में सिर्फ R32, R22 या R410A जैसी सही गैस ही भरी जाए.
किराए का AC लेने से बचें
अगर आप पैसे बचाने के लिए किराए पर एसी ला रहे हैं, तो सावधान हो जाएं. सबसे ज्यादा ब्लास्ट होने के चांस किराए वाले एसी में ही होते हैं. असल में ये वो पुराने और कबाड़ हो चुके एसी होते हैं जिन्हें लोग फेंक देते हैं और बाद में इन्हें ही ठीक करके किराए पर दे दिया जाता है.
इन 4 बातों का हमेशा रखें ध्यान:
- तापमान सही रखें: एसी को हमेशा 23 से 24 डिग्री के आसपास चलाएं. साथ ही इसे लगातार कई घंटों तक बिना ब्रेक के न चलाएं, बीच-बीच में मशीन को आराम दें.
- सिर्फ रिमोट से बंद करना काफी नहीं: जब भी आप एसी बंद करें, तो उसे सिर्फ रिमोट से ऑफ न करें, बल्कि दीवार पर लगी मेन स्विच को भी बंद करें.
- अलर्ट रहें: अगर एसी से अचानक धुआं, चिंगारी या कुछ जलने की बदबू आए, तो तुरंत उसे बंद कर दें और मैकेनिक को बुलाएं.
- एसी की नियमित सर्विसिंग: साथ ही AC की नियमित सर्विसिंग और AMC का ध्यान रखना जरूरी है.
About the Author
हिंदुस्तान टाइम्स में इंटर्नशिप के साथ पत्रकारिता की शुरुआत करने वाली रचना 2015 में Network 18 से जुड़ीं. फिलहाल News 18 टीवी चैनल में सीनियर कॉरस्पॉडेंट के तौर पर काम कर रही हैं. मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों…और पढ़ें