बेसन ब्रेड टोस्ट रेसिपी (Besan Bread Toast Recipe): ब्रेकफास्ट के तौर पर बेसन ब्रेड टोस्ट (Besan Bread Toast) काफी पसंद की जाने वाली फूड डिश है. लगभग हर घर में सुबह के वक्त ये सवाल रहता है कि आखिर नाश्ते में क्या बनाया जाए. कई बार ऐसा भी होता है कि नाश्ता बनाने के लिए ज्यादा वक्त नहीं रहता है लेकिन सभी को स्वादिष्ट ब्रेकफास्ट बनाकर देने का टेंशन रहता है. अगर आप भी कभी ऐसी स्थिति का सामना करते हैं तो चिंता की कोई बात नहीं. ऐसी सूरत में बेसन ब्रेड टोस्ट (Besan Bread Toast) आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
बेसन ब्रेड टोस्ट की खासियत है कि ये खाने में जहां बेहद स्वादिष्ट लगता है, वहीं इसे बनाना चंद मिनटों का काम होता है. फिर इसे नाश्ते के अलावा बच्चों के टिफिन में भी रखकर भेजा जा सकता है. नाश्ते के अलावा दिन में या फिर शाम की चाय के वक्त स्नैक्स के तौर पर भी बेसन ब्रेड टोस्ट का मज़ा लिया जा सकता है.
बेसन ब्रेड टोस्ट बनाने के लिए सामग्री
ब्रेड स्लाइस – 6
बेसन – 1 कप
टमाटर कटे – 1/2 कप
शिमला मिर्च कटी – 1/2 कप
प्याज कटे – 1/2 कप
कच्चे आलू कद्दूकस – 1/2 कप
चाट मसाला – 1/4 टी स्पून
लाल मिर्च पाउडर – 1 टी स्पून
गरम मसाला – 1/4 टी स्पून
बेकिंग सोड़ा – 1 चुटकी
तेल
नमक – स्वादानुसार
इसे भी पढ़ें: Idli Recipe: इडली झटपट तैयार करने का आसान तरीका
बेसन ब्रेड टोस्ट बनाने की विधि
बेसन ब्रेड टोस्ट बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन लें और उसमें बेसन छानकर डाल दें. इसके बाद बेसन में लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, बेकिंग सोड़ा, चाट मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छे से मिक्स कर दें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर बेसन का गाढ़ा घोल तैयार कर लें. अब बेसन के इस घोल में कटे हुए प्याज, कद्दूकस किए हुए कच्चे आलू, कटी हुई शिमला मिर्च और कटे हुए टमाटर डालकर सभी को घोल में अच्छे से मिक्स कर मिश्रण तैयार कर लें.
इसे भी पढ़ें: Dahi Vada Recipe: इस आसान तरीके से बनाएं दही वड़ा, सभी को आएगा पसंद
अब एक कड़ाही में तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए रख दें. जब तेल गर्म हो जाए तो ब्रेड की स्लाइस लें और उसे बेसन के घोल में अच्छी तरह से डुबोकर तलने के लिए कड़ाही में डाल दें. अब ब्रेड को 1 से 2 मिनट तक तब तक पलट-पलट कर फ्राई करें जब तक ब्रेड का रंग दोनों ओर से सुनहरा न हो जाए. जब ब्रेड कुरकुरी फ्राई हो जाए तो उसे एक प्लेट में निकाल लें. इसी तरह सारी ब्रेड स्लाइस को तल लें. नाश्ते के लिए आपकी स्वादिष्ट बेसन ब्रेड टोस्ट रेसिपी बनकर तैयार हो चुकी है. इसे टोमेटो सॉस या चटनी के साथ सर्व करें.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Food, Food Recipe, Lifestyle