Last Updated:
Do You Wanna Partner Review: तमन्ना भाटिया और डायना पेंटी की मोस्ट अवेटेड वेब सीरीज ‘डू यू वाना पार्टनर’ आज अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो गई है. मेकर्स ने सीरीज को कॉमेडी बनाने की कोशिश की थी, लेकिन वे उम्मीद के मुताबिक कामयाब नहीं हो पाए. आइए आपको बताते हैं कैसी है यह सीरीज…
12 सितंबर 2025 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई ‘डू यू वाना पार्टनर’.
डू यू वाना पार्टनर (अमेजन प्राइम वीडियो) 1.5
Starring: तमन्ना भाटिया, डायना पेंटी, जावेद जाफरी, नकुल मेहता, श्वेता तिवारी और अन्यDirector: अर्चित कुमार और कॉलिन डी कुन्हाMusic:
आजकल फिल्मों से ज्यादा वेब सीरीज रिलीज हो रही हैं और इसके पीछे की वजह है इनकी लगातार बढ़ती डिमांड. दरअसल, ओटीटी पर वेब सीरीज की बढ़ती डिमांड को देखते हुए मेकर्स अब इस ओर रुख कर रहे हैं. वहीं, 12 सितंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर एक नई वेब सीरीज ‘डू यू वाना पार्टनर’ रिलीज हुई है, जो तमन्ना भाटिया और डायना पेंटी पर आधारित है. फिल्म की कहानी तो ठीक है, लेकिन कम स्टारकास्ट की वजह से ये सीरीज उतनी दमदार नहीं बन पाई और कॉमेडी के नाम पर सिर्फ सिरदर्द ही पैदा करती है. तो चलिए सबसे पहले आपको इस सीरीज की कहानी के बारे में बताते हैं.
यह सीरीज दो सहेलियों- शिखा (तमन्ना भाटिया) और अनाहिता (डायना पेंटी) की कहानी है. एक तरफ, वालिया (नीरज काबी), जो एक बीयर माफिया है, उस कंपनी पर कब्जा कर लेता है जिसमें शिखा काम करती है, जिसके कारण उसकी नौकरी चली जाती है और वह बेरोजगार हो जाती है. दूसरी तरफ, उसकी दोस्त अनाहिता भी उस कंपनी से धोखा खाकर नौकरी छोड़ देती है जिसमें वह काम करती है. आपको बता दें, शिखा के पिता का देहांत बचपन में ही हो गया था. उसके पिता घर पर बीयर बनाते थे.
अब नौकरी छूटने के बाद, शिखा अपनी खुद की बीयर कंपनी शुरू करना चाहती है और इसके लिए वह अपनी दोस्त अनाहिता से संपर्क करती है. दोनों के राजी होने के बाद सीरीज की कहानी आगे बढ़ती है और दोनों को इसके लिए लगभग 5 करोड़ रुपये की जरूरत होती है, जो उनके पास नहीं होते. फिर इसी पैसे के जुगाड़ में वह गुंडों के चंगुल में फंस जाती है. फिर क्या होता है, क्या दोनों अपने मकसद में कामयाब हो पाती हैं? क्या वालिया दोनों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने देता है? इन सवालों के जवाब पाने के लिए आपको पूरी सीरीज देखनी होगी.
मेकर्स ने इस सीरीज को कॉमेडी बनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वो नाकाम रहे. अगर आप पूरी कोशिश करेंगे, तो कुछ सीन्स में आपको थोड़ी हंसी जरूर आएगी, लेकिन हंसना है या नहीं, ये आप अपनी मर्जी पर भी छोड़ सकते हैं. सीरीज काफी धीमी भी है, अगर इसे 8 की बजाय 6 एपिसोड में बनाया जाता, तो सीरीज की गति बेहतर होती. इस वजह से आपको कई बार बोरियत भी महसूस होती है.
दूसरी बात ये है कि 8 एपिसोड की इस सीरीज में स्टारकास्ट कम है, जिसकी वजह से कहानी में काफी स्थिरता है. वैसे, एक्टिंग की बात करें, तो आपको तमन्ना भाटिया-डायना पेंटी की जोड़ी बहुत पसंद आने वाली है. दोनों की एक्टिंग में कोई कमी नहीं है, वहीं सपोर्टिंग रोल में जावेद जाफरी, नकुल मेहता, श्वेता तिवारी और बाकी सभी स्टार्स ने भी अपने किरदारों के साथ न्याय किया है. साथ ही बैकग्राउंड स्कोर में भी कोई कमी नहीं दिखती है. वैसे, अगर आप खुद को सिरदर्द देना चाहते हैं, तो इस सीरीज को मिस न करें. मेरी ओर से इस सीरीज को 5 में से 1.5 स्टार.
About the Author
Pratik Shekhar is leading the entertainment section in News18 Hindi. He has been working in digital media for the last 12 years. After studying from Makhanlal Chaturvedi National University of Journalism and Co…और पढ़ें