Last Updated:
Ragi Halwa Recipe: उत्तराखंड की पारंपरिक रसोई में कई ऐसे व्यंजन हैं जो स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखते हैं. इन्हीं में से एक है मशहूर मंडुवे का हलवा, जिसे रागी हलवा भी कहा जाता है. देसी घी, गुड़ और ड्राई फ्रूट्स से तैयार यह मिठाई खाने में बेहद स्वादिष्ट होने के साथ पोषण से भी भरपूर होती है. खास बात यह है कि इसे घर पर सिर्फ 30 मिनट में आसानी से बनाया जा सकता है. जानिए मंडुवे के हलवे की आसान रेसिपी और इसके सेहत से जुड़े फायदे.
उत्तराखंड की पहाड़ियों में कई ऐसे पारंपरिक व्यंजन हैं, जो स्वाद के साथ सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माने जाते हैं. इन्हीं में से एक है मंडुवे का हलवा. इसे रागी का हलवा भी कहा जाता है. पहाड़ी इलाकों में यह खास मौकों और त्योहारों पर बनाया जाता है. पौष्टिक गुणों से भरपूर यह हलवा खाने में स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को ताकत भी देता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर आसानी से सिर्फ 30 मिनट में तैयार किया जा सकता है.
मंडुवे का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले मंडुवे का आटा यानी रागी आटा, देसी घी, गुड़ या चीनी, पानी, काजू, बादाम और इलायची पाउडर की जरूरत होगी. आप अपनी पसंद के अनुसार इसमें ड्राई फ्रूट्स की मात्रा बढ़ा भी सकते हैं.
सबसे पहले एक मोटे तले वाली कढ़ाई लें और उसमें देसी घी गर्म करें. इसके बाद इसमें मंडुवे का आटा डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें. आटे को लगातार चलाते रहें, ताकि वह जले नहीं. जब आटे का रंग हल्का सुनहरा हो जाए और उसमें से अच्छी खुशबू आने लगे तो समझ जाएं कि वह अच्छे से भुन गया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब भुने हुए मंडुवे के आटे में गुड़ या चीनी और जरूरत के अनुसार पानी डालें. इसे लगातार चलाते रहें, जिससे इसमें गांठ न बने. धीमी आंच पर पकाते रहें, जब तक मिश्रण धीरे-धीरे गाढ़ा होकर हलवे जैसा न हो जाए.
जब हलवा अच्छी तरह तैयार हो जाए तो इसमें काजू, बादाम और इलायची पाउडर डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर कुछ मिनट तक और पकाएं. इससे हलवे का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाएंगे. जब हलवा तैयार हो जाए तो इसे कटोरी में निकालकर ऊपर से थोड़े ड्राई फ्रूट्स डालकर सर्व करें. गरमा-गरम मंडुवे का हलवा खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है और मेहमानों के लिए भी एक बेहतरीन मिठाई साबित हो सकता है.
मंडुवा एक पौष्टिक अनाज माना जाता है, जिसमें आयरन, कैल्शियम, फाइबर और प्रोटीन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. इसका सेवन शरीर को ऊर्जा देने के साथ हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है. बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी यह एक अच्छा विकल्प माना जाता है.
अगर आप कुछ अलग, स्वादिष्ट और सेहतमंद बनाना चाहते हैं तो मंडुवे का हलवा जरूर बनाकर देखें. कम समय और आसान तरीके से तैयार होने वाला यह पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रखता है.