Vindhya style parwal bharta recipe : विंध्य क्षेत्र के ग्रामीण आंचल में गर्मी का मौसम आते ही तरह-तरह के भरते लोग बनाकर खाते हैं. घी लगी हांथ से बनी पोई रोटी, पनिहथी रोटी और भरते का स्वाद भूख बढ़ा देता है. जैसे- आलू-बैंगन भरता, भिंडी का भरता, नेनुआ का भरता और स्वादिष्ट परवल टमाटर का भरता.
परवल का भरता इतना टेस्टी होता है कि कई बार लोग बाकी सब्जियां छोड़कर सिर्फ यही खाना पसंद करते हैं. विंध्य की मिट्टी से जुड़ा यह साधारण सा भरता हर घर में अलग अंदाज में बनता है, लेकिन हर बार इसका स्वाद लाजवाब होता है. तो अगली बार जब मन करे कुछ देसी और जल्दी बनने वाला खाने का, तो परवल का चोखा जरूर ट्राई करें. घर के बड़े हों या बच्चे, सब इसे पसंद करेंगे.
आलू और बैंगन का भरता तो आपने जरूर खाया होगा पर क्या कभी परवल का भरता खाया है? नहीं तो एक बार विंध्य वालों के इस विधि से परवल का भरता बनाकर देखिए और पनहथी के साथ खाएं. इसके आगे शाही पकवान भूल जाएंगे.
लोग खूब पसंद करते परवल का भरता
खाने के शौकीन लोगों को कुछ न कुछ अलग और टेस्टी खाने का मन करता है और वे आए दिन कुछ न कुछ नया ट्राय करते रहते हैं. हालांकि जब टाइम कम हो, सामान कम हो और मेहनत भी कम करनी हो, तब भी स्वाद से समझौता क्यों करें? विंध्य में ऐसे ही एक देसी और बहुत आसान भरते को लोग खूब पसंद करते हैं, वो है परवल का भरता. खासकर जो लोग अकेले रहते हैं या जल्दी-जल्दी खाना बनाते हैं, उनके लिए यह बहुत बढ़िया विकल्प है.
इस भरते को बनाने में ज़्यादा चीजों की ज़रूरत नहीं होती और इसे बनाना भी बहुत आसान है. तो अगर आप भी कुछ जल्दी और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो इस बार परवल का भरता ज़रूर बनाएं.
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले बाजार से अच्छे और थोड़े बड़े साइज के परवल खरीद लीजिए. इन्हें घर लाकर अच्छे से धो लें और छिलका उतार लीजिए. चाहे तो बिना छिलका उतारे भी परवल भुन लीजिए. ध्यान रहे हर परवल में बीच से थोड़ा सा चीरा लगाकर ही भुने ताकि अंदर तक परवल अच्छी तरह भुन जाए.
इसके बाद गैस में जाली रखकर धीमी आंच पर परवल को सेंक लें. थोड़ा-थोड़ा पलटते रहें ताकि यह चारों तरफ से अच्छे से पक जाए. जब परवल नरम हो जाए और ऊपर से हल्का सिक जाए तो उसे निकाल लें और टमाटर को भी भुन ले, फिर ठंडा होने दें. अब इन परवल और टमाटर को साफ पानी से हल्के हाथ से धुल लें, फिर हाथों से थोड़ा अच्छे से मसल लें या मिक्सर जार में डालकर परवल, टमाटर, भुनी हुई लहसुन और हरी मिर्च डालकर दरदरा पीस लें.
फिर इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, स्वादानुसार नमक और ऊपर से सरसों का तेल डाल दें, (अगर हो तो पसंद हो तो दो-तीन पुदीने का पत्ता, भुना या उबला थोड़ा आलू, नीबू का रस भी डाल सकते हैं.) लेकिन विंध्य क्षेत्र में ये भरता साधारण ही बनाकर खाया जाता है.
सबको अच्छे से मिला लें. बस तैयार है आपका स्वादिष्ट परवल का देसी भरता. इसे गरमागरम घी लगी पनहथी पोई रोटी के साथ के सुबह, शाम या दोपहर के भोजन में खाइए, मजा आ जाएगा.