Last Updated:
Ghar Par Kaise Bnayein Aam ka Achar: रीवा में गर्मियों में टिकोरी यानी छोटे आम का अचार बनाने की खास परंपरा है. यह अचार स्वाद में इतना लाजवाब होता है कि खाने का मजा दोगुना हो जाता है. जानिए इसे बनाने की आसान विधि और सही मसालों का संतुलन. सही तरीके से बनाया गया अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता और स्वाद बरकरार रहता है. अगर आप भी घर पर देसी आम का अचार बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके बहुत काम आएगी.
Kaise Bnayein Aam ka Achar: आम का सीजन आते ही रीवा और पूरे विंध्य इलाके में एक खास परंपरा शुरू हो जाती है टिकोरी यानी छोटे कच्चे आम का अचार. इन दिनों बागों में छोटे-छोटे आम लगने लगे हैं और बच्चे-बूढ़े सभी इन्हें तोड़कर घर ला रहे हैं. घर की महिलाएं इन्हीं से स्वादिष्ट अचार और चटनी तैयार कर रही हैं. ताजा टिकोरी का अचार इतना लाजवाब होता है कि लोग एक-दो नहीं, बल्कि चार रोटी तक खा जाते हैं.
क्यों खास है टिकोरी का अचार?
छोटे आमों से बना यह अचार स्वाद में बेहद अलग और खास होता है. इसमें खट्टापन और मसालों का ऐसा संतुलन होता है कि हर निवाला मजेदार लगने लगता है. रीवा में यह सिर्फ खाना नहीं, बल्कि एक परंपरा है जो हर साल गर्मियों में निभाई जाती है.
ये हैं जरूरी सामग्री
टिकोरी का अचार बनाने के लिए कच्चे छोटे आम के साथ पीली सरसों, मेथी दाना, सौंफ, कलौंजी, अजवाइन, धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च, हींग, नमक और सरसों का तेल इस्तेमाल किया जाता है. इन मसालों का सही संतुलन ही अचार को स्वादिष्ट बनाता है.
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले आमों को धोकर अच्छे से सुखा लिया जाता है ताकि नमी बिल्कुल न रहे. फिर इन्हें नमक और सरसों तेल के साथ मिलाकर 2-3 दिन के लिए ढककर रख दिया जाता है. इसके बाद मेथी, सौंफ और सरसों को हल्का भूनकर दरदरा पीसा जाता है. अब इन मसालों को आम में मिलाया जाता है और चीरा लगाकर मसाला भर दिया जाता है. फिर इसे कांच के जार में भरकर 7-10 दिन तक धूप में रखा जाता है. रोज हल्का हिलाने से मसाले अच्छे से मिल जाते हैं और अचार शानदार तैयार होता है.
धूप में पकता है असली स्वाद
करीब एक हफ्ते बाद अचार पूरी तरह तैयार हो जाता है. इसे पराठे, पूरी या रोज के खाने के साथ खाया जा सकता है. अगर चाहें तो ऊपर से हल्का गर्म किया हुआ सरसों का तेल डालकर स्वाद और बढ़ाया जा सकता है.
स्वाद ऐसा कि भूख बढ़ जाए
टिकोरी का अचार सिर्फ एक साइड डिश नहीं, बल्कि खाने का मजा दोगुना करने वाला स्वाद है. रीवा का ये देसी अचार एक बार खा लिया, तो हर साल इसका इंतजार रहेगा.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें