Last Updated:
Recipe tips : गर्मी में तेल-मसाले वाला खाना खाकर थक गए हैं? तो इस बार आजमाएं बिना तेल की लौकी की सब्जी, जो न सिर्फ शरीर को ठंडक देती है बल्कि वजन भी कंट्रोल करती है. फाइबर, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर यह सब्जी डायबिटीज मरीजों और बुजुर्गों के लिए भी वरदान है. नागौर की गृहणी सुनीता कंवर की यह आसान रेसिपी आपकी रसोई बदल देगी.
नागौर : गर्मियों के मौसम में खानपान का सीधा असर शरीर की सेहत और ऊर्जा पर पड़ता है. तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच लोग ऐसे भोजन की तलाश करते हैं जो हल्का, सुपाच्य और शरीर को ठंडक देने वाला हो. ऐसे में बिना तेल की लौकी की सब्जी एक बेहतरीन घरेलू विकल्प है. यह सब्जी न केवल स्वादिष्ट होती है, बल्कि शरीर को जरूरी पोषण भी प्रदान करती है. कम मसालों और बिना तेल के बनने के कारण यह डिश स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है.
लौकी को भारतीय रसोई में लंबे समय से स्वास्थ्य के लिए लाभदायक सब्जी माना जाता है. इसमें पानी की मात्रा काफी अधिक होती है, जो गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है. इसके अलावा लौकी में फाइबर, विटामिन-सी, कैल्शियम और आयरन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को अंदर से स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होते हैं. बिना तेल के बनाई गई लौकी की सब्जी कम कैलोरी वाली होती है, इसलिए वजन नियंत्रित रखने वाले लोग भी इसे अपनी डाइट में शामिल कर रहे हैं.
बिना तेल सब्जी बनाने की विधि
ग्रहणी सुनीता कंवर ने बताया कि इस स्वादिष्ट सब्जी को बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. लगभग 500 ग्राम लौकी, दो टमाटर, एक हरी मिर्च, थोड़ा अदरक, आधा चम्मच जीरा, हल्दी, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक से यह आसानी से तैयार हो जाती है. कुछ लोग इसमें प्याज का इस्तेमाल भी करते हैं, लेकिन बिना प्याज के भी इसका स्वाद बेहद अच्छा लगता है. ऊपर से डाला गया हरा धनिया और थोड़ा नींबू रस इसे और ज्यादा ताजगी भरा बना देता है.
बिना तेल की लौकी, स्वाद में कमाल!
सब्जी बनाने की विधि भी बेहद आसान है. सबसे पहले लौकी को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. इसके बाद कढ़ाई में थोड़ा पानी डालकर जीरा और हरी मिर्च को हल्का पकाया जाता है. फिर टमाटर डालकर नरम होने तक पकाया जाता है. अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और नमक डालकर मसाले तैयार किए जाते हैं. इसके बाद लौकी डालकर सभी मसालों के साथ अच्छी तरह मिलाया जाता है और ढककर धीमी आंच पर पकने दिया जाता है. लौकी अपने ही पानी में धीरे-धीरे गल जाती है, जिससे उसका प्राकृतिक स्वाद पूरी तरह बना रहता है.
गर्मियों में लौकी देगी स्वाद और राहत
बिना तेल के बनने के बावजूद यह सब्जी बिल्कुल फीकी नहीं लगती. धीमी आंच पर पकने से मसाले लौकी में अच्छी तरह घुल जाते हैं और इसका स्वाद हल्का लेकिन बेहद संतुलित बनता है. जब सब्जी पूरी तरह तैयार हो जाती है, तब ऊपर से नींबू का रस और हरा धनिया डाल दिया जाता है, जिससे इसमें हल्की खटास और ताजगी आ जाती है. गर्मियों में यह स्वाद लोगों को काफी पसंद आता है. स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी गर्मियों में हल्का और कम तेल वाला भोजन खाने की सलाह देते हैं. बिना तेल की लौकी की सब्जी पाचन को बेहतर बनाने में मदद करती है और पेट को ठंडक पहुंचाती है. डायबिटीज मरीजों, बुजुर्गों और फिटनेस पसंद करने वाले लोगों के लिए भी यह फायदेमंद मानी जाती है.
About the Author
A Delhi University graduate with a postgraduate Diploma in Journalism and Mass Communication, I work as a Content Editor with the Rajasthan team at News18 India Digital. I’m driven by the idea of turning raw in…और पढ़ें