Last Updated:

Aam Papad Recipe: आम खाने में स्वादिष्ट होने के साथ पोषक तत्वों से भरपूर फल है. इसे सीधे खाने के अलावा कई डिशेज भी बनाई जाती हैं, जिनमें आम पापड़ खास है. खट्टा-मीठा स्वाद इसे सभी का पसंदीदा बनाता है. आम पापड़ को ही अमावट भी कहा जाता है. बघेलखंड में इसे बनाने का तरीका कुछ खास है…

Aam Papad Recipe: मध्य प्रदेश के बघेलखंड क्षेत्र में गर्मी का मौसम आते ही आम से बनी पारंपरिक चीजों की मांग बढ़ जाती है. इन्हीं में एक खास व्यंजन है आम का पापड़, जिसे स्थानीय भाषा में अमावट बोला जाता है. गांव-देहात में इसका स्वाद न सिर्फ लोगों की जुबान पर चढ़ा रहता है, बल्कि यह यहां की संस्कृति और आजीविका का भी अहम हिस्सा बन चुका है.

बघेलखंड के ग्रामीण क्षेत्र में आम के सीजन के दौरान घर-घर में अमावट तैयार किया जाता है. खास बात ये कि यह सिर्फ घरेलू उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि अब यह एक व्यवसाय का रूप भी ले चुका है. यहां की महिलाएं पारंपरिक तरीके से बड़ी मात्रा में आम पापड़ बनाकर बाजारों में बेचती हैं, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी होती है. यही वजह है कि अमावट अब स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रहा है.

600 रुपये किलो कीमत 
इस क्षेत्र में तैयार होने वाला आम पापड़ अपने खास स्वाद के लिए जाना जाता है. मीठे और हल्के खट्टे स्वाद का यह अनोखा मेल इसे अन्य जगहों के आम पापड़ से अलग बनाता है. यही कारण है कि बघेलखंड का अमावट अब देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक अपनी पहचान बना चुका है. दुबई जैसे देशों में भी इसकी मांग देखी जा रही है और बाजार में इसकी कीमत 600 रुपये प्रति किलो तक पहुंच जाती है. विदेशी पर्यटक भी इसका स्वाद चखकर इसके दीवाने हो जाते हैं.

ऐसे बनाएं बघेलखंडी अमावट
सीधी की गृहणी प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को बताया कि अमावट बनाने की प्रक्रिया बेहद सरल है. कच्चे या हल्के पके आमों को छीलकर उनका गूदा निकाला जाता है, फिर उसमें चीनी या गुड़, नमक, काला नमक और मसाले मिलाकर पकाया जाता है. जब मिश्रण गाढ़ा हो जाता है, तो उसे घी लगी ट्रे में पतली परत में फैलाकर धूप में सुखाया जाता है. 4 से 5 दिनों तक अच्छी तरह सूखने के बाद इसे मनचाहे आकार में काटकर संग्रहित किया जाता है.

सेहत के बढ़िया, लंब समय तक करें स्टोर
ग्रामीण क्षेत्रों में इसे खासतौर पर दाल-पूरी के साथ खाना पसंद किया जाता है. अमावट न सिर्फ स्वाद का खजाना है, बल्कि यह परंपरा, स्वास्थ्य और रोजगार का भी बेहतरीन उदाहरण बनकर उभर रहा है. आयुर्वेदिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. आरपी परौहा ने बताया कि सेहत के लिए आम पापड़ काफी फायदेमंद माना जाता है. इसमें आम के प्राकृतिक गुण मौजूद रहते हैं, जैसे विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं. यह लंबे समय तक सुरक्षित रहता है, जिससे इसे स्टोर करना भी आसान होता है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link

Write A Comment