Bhojpur famous Manarsa sweet Recipe: अगर आपने भोजपुर की पारंपरिक ‘मनरसा’ मिठाई का स्वाद नहीं चखा, तो आपकी मिठास की तलाश अधूरी है. बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम खोए से भरपूर यह पारंपरिक मिठाई आधुनिक मशीनों से नहीं, बल्कि आज भी शुद्ध कारीगरी और हाथों से तैयार की जाती है. आरा शहर में बड़ी मस्जिद के सामने स्थित ‘विनोद मनरसा’ की दुकान पर हर शाम लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है. दुकानदार राकेश के अनुसार, रोजाना करीब 50 किलो मनरसा बिक जाता है, जिसकी कीमत 320 रुपये प्रति किलो है. इसे बनाने के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले चावल को भिगोकर और सुखाकर बारीक पीसा जाता है. इसके बाद ताजे खोए में चीनी, इलायची और घी मिलाकर चावल के आटे के साथ गूंथा जाता है. धीमी आंच पर सुनहरी तली जाने वाली यह टिक्की अपनी खुशबू से ही लोगों को खींच लेती है. बाजार में आधुनिक मिठाइयों के बावजूद, मनरसा आज भी भोजपुर की विरासत और संस्कृति की मिठास को जीवित रखे हुए है.