वॉट्सऐप पर बढ़ते ऑनलाइन स्कैम को देखते हुए मेटा ने यूजर्स के लिए एक नया Scam Alert फीचर पेश किया है. इसका मकसद यूजर्स को ऐसे मैसेज पहचानने में मदद करना है, जिनमें ठगी की कोशिश हो सकती है. खास बात यह है कि यह फीचर AI और ऑन-डिवाइस मशीन लर्निंग की मदद से काम करता है, यानी स्कैम का पता लगाने के लिए यूजर्स की निजी चैट को मेटा के सर्वर पर भेजने की जरूरत नहीं होगी.
फिलहाल Scam Alert को सीमित यूजर्स के साथ बीटा टेस्टिंग में उपलब्ध कराया गया है. ये एक ऑप्शनल फीचर है और इसे इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को वॉट्सऐप की सेटिंग्स में जाकर इसे खुद ऑन करना होगा.
कैसे काम करेगा वॉट्सऐप का Scam Alert?
स्कैम अलर्ट को ऑन करने के बाद जरूरी AI मॉडल आपके फोन में डाउनलोड हो जाएगा. इसके बाद ये बैकग्राउंड में काम करते हुए अनजान नंबरों से आने वाले टेक्स्ट मैसेज में मौजूद कुछ पैटर्न को पहचानने की कोशिश करेगा.
उदाहरण के तौर पर अगर कोई मैसेज आपसे पर्सनल जानकारी मांगता है, जल्दी फैसला लेने का दबाव बनाता है या पहले भरोसा जीतने के बाद पैसे की मांग करता है, तो सिस्टम उसे संदिग्ध मान सकता है.
मेटा ने खास तौर पर रोमांस बेडिंग स्कैम का भी जिक्र किया है. इसमें ठग पहले किसी व्यक्ति से नकली भावनात्मक रिश्ता बनाते हैं और बाद में पैसे या आर्थिक मदद मांगने लगते हैं. अगर वॉट्सऐप को किसी बातचीत में स्कैम की आशंका होती है, तो रिसीवर को चैट में एक warning banner दिखाई देगा. यह चेतावनी सिर्फ मैसेज पाने वाले व्यक्ति को दिखेगी.
इसके बाद यूजर के पास कई ऑप्शन होंगे. वह नंबर को Block या Report कर सकता है, चेतावनी को नजरअंदाज कर सकता है या भेजने वाले को Trusted Mark कर सकता है. अगर यूजर किसी कॉन्टैक्ट को Trusted कर देता है, तो उस चैट के लिए आगे ऐसी चेतावनियां नहीं दिखाई जाएंगी.
निजी चैट रहेगी एन्क्रिप्टेड
स्कैम अलर्ट की सबसे अहम बात इसका ऑन-डिवाइस प्रोसेसिंग सिस्टम है. मेटा के मुताबिक, स्कैम डिटेक्शन के लिए वॉट्सऐप को यूजर की निजी बातचीत का कंटेंट अपने पास भेजने की जरूरत नहीं है. कंपनी का कहना है कि इस फीचर से मेटा या किसी अन्य संस्था को यूजर की चैट पढ़ने का एक्सेस नहीं मिलता.
अगर AI किसी मैसेज को गलती से स्कैम समझ लेता है, तो यूजर अपनी इच्छा से वॉट्सऐप के साथ उस बातचीत के आखिरी पांच मैसेज शेयर करके AI मॉडल को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. यह जानकारी अपने आप शेयर नहीं होती और इसके लिए यूजर की अनुमति जरूरी है.
अभी सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं
फिलहाल Scam Alert सीमित यूजर्स के साथ टेस्ट किया जा रहा है. Meta ने अभी यह नहीं बताया है कि इसे सभी वॉट्सऐप यूजर्स के लिए कब जारी किया जाएगा.
कभी न करें ये गलती
वॉट्सऐप पर बढ़ते स्कैम को देखते हुए यह फीचर यूजर्स के लिए एक अतिरिक्त सुरक्षा लेयर साबित हो सकता है. हालांकि किसी भी चेतावनी सिस्टम पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय OTP, UPI PIN, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी कभी किसी अनजान व्यक्ति के साथ शेयर नहीं करनी चाहिए.