Last Updated:
गोरखपुर में इन दिनों लिट्टी-चोखा का नया अवतार लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है. शहर में लिट्टी-मटन और अंडा-लिट्टी का ऐसा क्रेज बढ़ा है कि शाम होते-होते दुकानों पर लंबी लाइनें लग जाती हैं. कम कीमत में देसी स्वाद का यह कॉम्बिनेशन फूड लवर्स को खूब पसंद आ रहा है.
गोरखपुर: जिले में खाने-पीने के शौकीनों के बीच इन दिनों लिट्टी-मीट और अंडा-लिट्टी का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है. शहर के कई इलाकों में लोग अब पारंपरिक लिट्टी को नॉनवेज ट्विस्ट के साथ खाना पसंद कर रहे हैं. खासकर विजय चौक स्थित भोला मटन और मोहद्दीपुर का अदालत हांडी मटन ऐसे ठिकाने बन चुके हैं, जहां सुबह से लेकर देर शाम तक लोगों की भीड़ देखने को मिलती है.
विजय चौक पर मौजूद भोला मटन की दुकान पर मिलने वाला लिट्टी-मटन लोगों की पहली पसंद बन गया है. यहां पर गर्मागर्म लिट्टी के साथ मसालेदार मटन सर्व किया जाता है, जिसका स्वाद लोगों को बार-बार यहां खींच लाता है. दुकान पर आने वाले ग्राहक बताते हैं कि अंगीठी पर पकी लिट्टी और स्पेशल मसालों से तैयार मटन का कॉम्बिनेशन बेहद शानदार लगता है.
यहां पर ग्राहकों को दो तरह की लिट्टी मिलती है. एक फ्राई की हुई लिट्टी और दूसरी अंगीठी पर धीमी आंच में पकी हुई लिट्टी. खास बात यह है कि लिट्टी के अंदर कोई भरावन नहीं डाली जाती, लेकिन उसके साथ मिलने वाला मटन और मसालेदार ग्रेवी ही इसका असली स्वाद बढ़ा देते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
वहीं मोहद्दीपुर स्थित अदालत हांडी मटन पर भी लिट्टी-मटन खाने वालों की जबरदस्त भीड़ उमड़ती है. यहां खास मसालों में तैयार किया गया मटन लोगों को काफी पसंद आता है. शाम होते-होते यहां सीट मिलना तक मुश्किल हो जाता है.
दुकानों पर लिट्टी-मटन की एक प्लेट करीब 100 रुपए में मिलती है, जबकि अंडा-लिट्टी 50 रुपए प्लेट में उपलब्ध है. कम कीमत और बेहतरीन स्वाद की वजह से छात्र, नौकरीपेशा लोग और परिवार बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं. भोला मटन के संचालक भोला बताते हैं कि रविवार को यहां सबसे ज्यादा भीड़ होती है. उस दिन स्पेशल ऑर्डर पर ज्यादा मात्रा में मटन तैयार किया जाता है.
कई ग्राहक तो सुबह से ही लाइन लगाकर अपने नंबर का इंतजार करते हैं. हले जहां लिट्टी-चोखा को पारंपरिक व्यंजन माना जाता था, वहीं अब लिट्टी-मटन और अंडा-लिट्टी गोरखपुर की नई फूड पहचान बनते जा रहे हैं. स्वाद और देसी अंदाज का यह मेल लोगों को खूब पसंद आ रहा है.