Last Updated:
Tips To Boil Egg: उबालते समय अक्सर अंडों में दरारे आ जाती हैं. वैसे तो इसे खाना सेफ होता है, लेकिन यदि आप परफेक्ट बॉयल्ड एग्स अपनी प्लेट में चाहते हैं, तो इसे उबालते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. यहां जानिए अंडे को उबालने का सही तरीका क्या है?
अंडे उबालते समय कई बार ऐसा होता है कि अचानक उसका छिलका फट जाता है और सफेद हिस्सा पानी में निकलने लगता है. ऐसे में मन में ख्याल आता है कि क्या इसे खाना सेफ होगा. हालांकि, घबराने की जरूरत नहीं होती है. उबलते समय अंडे का फटना एक आम बात है और ज्यादातर मामलों में यह पूरी तरह सेफ रहता है.
अगर अंडा उबलते समय फट जाए, तो आमतौर पर उसे फेंकने की जरूरत नहीं होती. गर्म पानी में पहुंचते ही अंडे का सफेद हिस्सा पकने लगता है, जिससे दरार वाली जगह अपने आप बंद हो जाती है. भले ही थोड़ा सफेद भाग बाहर निकल आए, वह जल्दी पक जाता है और बाद में आसानी से हटाया जा सकता है.
उबालते समय अंडा फटने का कारण
अंडे के फटने का सबसे बड़ा कारण तापमान में अचानक बदलाव होता है. जब फ्रिज से निकला ठंडा अंडा सीधे उबलते पानी में डाला जाता है, तो उसका छिलका तेजी से फैलता है और दरार पड़ सकती है. इसके अलावा, बर्तन में कई अंडे एक-दूसरे से टकराने पर भी फट सकते हैं. कभी-कभी छिलके में पहले से मौजूद छोटी दरारें या कमजोर हिस्से भी गर्मी के कारण टूट जाते हैं.
अंडा उबालने का सही तरीका
अंडे को फटने से बचाने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं. सबसे पहले, अंडों को उबालने से 15 से 20 मिनट पहले फ्रिज से बाहर निकाल लें, ताकि वे सामान्य तापमान पर आ जाएं. दूसरा, अंडों को पहले बर्तन में रखें और उन पर ठंडा पानी डालकर धीरे-धीरे गर्म करें. इससे छिलके पर अचानक दबाव नहीं पड़ता. अगर आप पहले पानी उबालना चाहते हैं, तो अंडों को सीधे न डालें. चम्मच की मदद से धीरे-धीरे पानी में रखें. पानी में थोड़ा नमक या कुछ बूंदें सिरका मिलाने से भी फायदा हो सकता है, क्योंकि अगर हल्की दरार बन जाए तो सफेद हिस्सा जल्दी जम जाता है.
इन बातों का ध्यान रखें
बर्तन में बहुत ज्यादा अंडे न भरें. उन्हें पर्याप्त जगह दें ताकि वे आपस में न टकराएं. पानी में उबाल आने के बाद आंच को थोड़ा कम कर दें और तेज उबाल की बजाय हल्की आंच पर पकाएं. यदि अंडा उबलते समय फट जाए, तो उसे बीच में निकालने के बजाय पूरी तरह पकने दें. बाद में छीलकर पका हुआ सफेद हिस्सा हटा सकते हैं. सही तापमान और थोड़ी सावधानी के साथ आप हर बार बेहतरीन उबले हुए अंडे तैयार कर सकते हैं.
About the Author
शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें