Pickle Storage Tips: भारतीय रसोई में अचार सिर्फ खाने के साथ परोसी जाने वाली चीज नहीं है, बल्कि स्वाद का ऐसा साथी है जो साधारण भोजन को भी मजेदार बना देता है. दाल-चावल हो, पराठा हो या सादा रोटी, थोड़ा सा अचार पूरे खाने का मजा बदल देता है, लेकिन अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि कुछ ही समय में अचार पर सफेद परत जम जाती है, उसमें बदबू आने लगती है या फफूंदी लग जाती है. इसकी सबसे बड़ी वजह गलत स्टोरेज, नमी, गंदा चम्मच या तेल की कमी होती है. कई बार मेहनत से बनाया गया अचार भी छोटी सी लापरवाही से खराब हो जाता है.
अगर आप चाहते हैं कि घर का बना अचार महीनों नहीं बल्कि सालों तक सही रहे, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखना जरूरी है. सही जार, सही तेल, धूप और साफ-सफाई जैसे छोटे कदम अचार की उम्र बढ़ा सकते हैं. आज हम आपको ऐसे आसान घरेलू टिप्स बता रहे हैं जिनकी मदद से आपका अचार लंबे समय तक ताज़ा, स्वादिष्ट और फफूंदी से सुरक्षित रहेगा.
अचार को नमी से हमेशा दूर रखें
अचार खराब होने की सबसे बड़ी वजह नमी होती है, अगर जार या डिब्बे में थोड़ा भी पानी रह गया, तो फफूंदी जल्दी लग सकती है. इसलिए अचार रखने से पहले जार को अच्छी तरह धो लें और फिर धूप में पूरी तरह सुखा लें. जब तक जार अंदर से बिल्कुल सूखा न हो, उसमें अचार न भरें. प्लास्टिक के डिब्बों की जगह कांच या चीनी मिट्टी का जार इस्तेमाल करें. इससे अचार ज्यादा समय तक सुरक्षित रहता है और स्वाद भी नहीं बदलता.
1. तेल की परत जरूर रखें
अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए तेल बहुत जरूरी है. खासकर आम, नींबू या मिर्च के अचार में ऊपर तक सरसों का तेल होना चाहिए. तेल की परत अचार को हवा और नमी से बचाती है. ध्यान रखें कि अचार का हर हिस्सा तेल में डूबा रहे, अगर तेल कम लगे तो हल्का गर्म करके ठंडा किया हुआ सरसों का तेल ऊपर से डाल सकते हैं.
2. सूखा और साफ चम्मच ही इस्तेमाल करें
बहुत लोग गीले हाथ या गीला चम्मच डालकर अचार निकाल लेते हैं. यही आदत अचार जल्दी खराब करती है. हर बार अचार निकालते समय सूखा, साफ और बिना पानी वाला चम्मच इस्तेमाल करें. अगर हाथ से निकालना पड़े तो हाथ बिल्कुल साफ और सूखे होने चाहिए.
3. समय-समय पर धूप दिखाएं
घर के बने अचार को बीच-बीच में धूप दिखाना बहुत फायदेमंद माना जाता है. हफ्ते में एक बार 3 से 4 घंटे धूप में रखने से अंदर की नमी कम होती है और अचार ताज़ा बना रहता है. धूप दिखाने के बाद जार का ढक्कन अच्छी तरह बंद कर दें. इससे स्वाद भी बना रहता है.
4. नमक और मसालों का सही संतुलन रखें
नमक सिर्फ स्वाद नहीं बढ़ाता, बल्कि अचार को खराब होने से भी बचाता है, अगर नमक कम होगा तो अचार जल्दी खराब हो सकता है. हल्दी, मेथी, सौंफ, राई और हींग जैसे मसाले भी अचार को सुरक्षित रखने में मदद करते हैं. अचार बनाते समय मसालों का सही संतुलन रखें. बहुत कम मसाले भी नुकसान कर सकते हैं.
5. सिरका भी है अच्छा उपाय
अगर आप चाहते हैं कि अचार ज्यादा समय तक सुरक्षित रहे तो थोड़ा सिरका डाल सकते हैं. सिरका खराब बैक्टीरिया और फफूंदी बनने से रोकने में मदद करता है. खासकर नींबू, गाजर या मिक्स अचार में थोड़ा सिरका डालना अच्छा माना जाता है.
6. अगर फफूंदी लग जाए तो क्या करें
अगर अचार के ऊपर हल्की फफूंदी दिख जाए तो घबराएं नहीं. जिस हिस्से पर फफूंदी लगी है उसे तुरंत चम्मच से निकालकर अलग कर दें. बाकी अचार को ध्यान से देखें. इसके बाद सरसों का तेल गर्म करके ठंडा करें और ऊपर से डाल दें. जरूरत हो तो थोड़ा नमक और हींग भी मिला सकते हैं, अगर बदबू बहुत तेज हो या स्वाद बदल गया हो तो अचार इस्तेमाल न करें.
स्टोरेज की सही जगह चुनें
अचार को ऐसी जगह रखें जहां नमी कम हो और धूप सीधे हर समय न पड़ती हो. बार-बार फ्रिज में रखना और बाहर निकालना भी कई बार नुकसान करता है. कमरे के सामान्य तापमान पर सूखी जगह सबसे बेहतर रहती है.