Summer Storage Tips: गर्मी का मौसम आते ही रसोई की कई चीजें जल्दी खराब होने लगती हैं और उनमें सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली चीज है अदरक. सुबह की चाय हो, सब्जी का तड़का हो या काढ़ा बनाना हो, अदरक हर घर की जरूरत बन चुकी है, लेकिन दिक्कत तब होती है जब कुछ ही दिनों में अदरक सूखकर सख्त हो जाती है. फिर उसे छीलना मुश्किल लगता है और उसका स्वाद भी पहले जैसा नहीं रहता. जिन घरों में फ्रिज नहीं होता, वहां अदरक को लंबे समय तक संभालकर रखना और भी मुश्किल हो जाता है.

कई लोग ज्यादा मात्रा में अदरक खरीद लेते हैं, लेकिन सही तरीके से स्टोर न करने की वजह से आधी अदरक खराब हो जाती है, अगर आप भी इस परेशानी से जूझते हैं तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू टिप्स अपनाकर आप गर्मी में भी अदरक को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं. खास बात ये है कि इन तरीकों में ज्यादा खर्च भी नहीं होता और अदरक का स्वाद भी बना रहता है.

क्यों जल्दी सूख जाती है अदरक?
गर्मी में तापमान ज्यादा होने की वजह से अदरक की नमी तेजी से खत्म होने लगती है, अगर अदरक खुले में रखी हो या धूप और गर्म हवा लगती रहे तो वह अंदर से सूखने लगती है. कई बार लोग अदरक को प्लास्टिक बैग में बंद करके रख देते हैं, जिससे उसमें नमी जमा हो जाती है और अदरक सड़ने लगती है. इसलिए सही स्टोरेज तरीका अपनाना बहुत जरूरी है.

मिट्टी में दबाकर रखें अदरक
अगर आपके घर में फ्रिज नहीं है तो मिट्टी वाला तरीका सबसे असरदार माना जाता है. पुराने समय में गांवों में लोग इसी तरह अदरक और दूसरी सब्जियां सुरक्षित रखते थे. इसके लिए एक मिट्टी का बर्तन लें. उसमें नीचे साफ और हल्की नम मिट्टी डालें. अब अदरक रखें और ऊपर से मिट्टी की पतली परत डाल दें. समय-समय पर हल्का पानी छिड़कते रहें ताकि मिट्टी में थोड़ी नमी बनी रहे. इससे अदरक जल्दी सूखेगी नहीं और कई हफ्तों तक ताजा बनी रह सकती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

सूती कपड़े का तरीका भी है असरदार
अगर आप आसान तरीका चाहते हैं तो सूती कपड़े का इस्तेमाल कर सकते हैं. अदरक को किसी साफ मोटे सूती कपड़े या तौलिये में लपेटकर रखें. ध्यान रखें कि कपड़ा पूरी तरह सूखा न हो. उसमें हल्की नमी बनी रहनी चाहिए. जब कपड़ा सूखने लगे तो थोड़ा पानी छिड़क दें. इससे अदरक की नमी बनी रहती है और वह सख्त नहीं होती. इस तरीके से अदरक कई दिनों तक फ्रेश रहती है.

पेपर टॉवल में लपेटकर करें स्टोर
अदरक को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए पेपर टॉवल भी अच्छा विकल्प माना जाता है. सबसे पहले अदरक को धो लें और उसका पानी पूरी तरह सूखने दें. अब अदरक को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें. इसके बाद पेपर टॉवल में लपेटकर किसी डिब्बे में रखें, अगर फ्रिज है तो कंटेनर में रख सकते हैं, लेकिन बिना फ्रिज भी इसे ठंडी जगह पर रखा जा सकता है. पेपर टॉवल अतिरिक्त नमी सोख लेता है, जिससे अदरक जल्दी खराब नहीं होती.

अदरक स्टोर करते समय रखें ये बातें ध्यान
अदरक को कभी भी गीला छोड़कर स्टोर न करें. धूप वाली जगह पर अदरक रखने से बचें. प्लास्टिक बैग में पूरी तरह बंद करके न रखें. खराब या कटी हुई अदरक को अलग कर दें. जरूरत के हिसाब से अदरक छोटे हिस्सों में बांटकर रखें.

कौन सा तरीका सबसे ज्यादा काम करता है?
अगर आपको अदरक महीनों तक फ्रेश रखनी है तो मिट्टी वाला तरीका सबसे अच्छा माना जाता है. वहीं रोज इस्तेमाल के लिए सूती कपड़ा और पेपर टॉवल वाला तरीका काफी आसान और फायदेमंद रहता है. आप अपनी जरूरत और घर की सुविधा के हिसाब से कोई भी तरीका अपना सकते हैं.

अदरक खराब होने के संकेत पहचानें
कई बार बाहर से ठीक दिखने वाली अदरक अंदर से खराब हो चुकी होती है, अगर अदरक बहुत ज्यादा नरम लगने लगे, उसमें बदबू आने लगे या सफेद फंगस दिखे तो उसे इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. ऐसी अदरक स्वाद और सेहत दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकती है.



Source link

Write A Comment