Last Updated:

Agra Famous Champaaran Handi Mutton: आगरा का चम्पारण हांडी मटन भी खाने-पीने के शौकीनों के दिलों पर राज कर रहा है. आगरा के बोदला रोड पर मिट्टी के बर्तनों में धीमी आंच पर पकने वाले इस मटन का स्वाद ऐसा है कि देखते ही मुंह में पानी आ जाए. शुद्ध सरसों के तेल, खड़े मसालों और कोयले की धीमी आंच के जादू की वजह से यहां सुबह से ही मटन प्रेमियों की लंबी लाइन लग जाती है. आइए जानते हैं कि इस खास हांडी मटन को कैसे तैयार किया जाता है और इसकी कीमत क्या है.

आगरा: उत्तर प्रदेश का आगरा शहर पूरी दुनिया में अपनी ऐतिहासिक इमारतों के लिए मशहूर है, लेकिन इसके साथ ही यहां के लजीज खान-पान का भी कोई मुकाबला नहीं है. अगर आप नॉनवेज खाने के शौकीन हैं और आगरा में हैं, तो यहां का मशहूर हांडी मटन चखना बिल्कुल न भूलें. आगरा के सेक्टर 12 बोदला रोड पर बिहार का प्रसिद्ध ‘चम्पारण हांडी मटन’ परोसा जाता है, जिसकी खुशबू दूर-दूर से लोगों को खींच लाती है. यहां लाइन से हांडी मटन की कई दुकानें सजी हुई हैं, जहां सुबह से ही मटन के शौकीनों की भारी भीड़ जुटने लगती है.

मिट्टी के बर्तन और धीमी आंच का जादू
मटन बेचने वाले दुकानदार जितेंद्र सिंह ने बताया कि उनके मटन के सुपरहिट होने का सबसे बड़ा राज इसका पारंपरिक तरीका है. इस मटन को प्रेशर कुकर या स्टील के बर्तनों के बजाय पूरी तरह मिट्टी की हांडी में पकाया जाता है. कुकर में मटन बनाने से उसकी असली खुशबू उड़ जाती है, लेकिन जब मटन मिट्टी के बर्तन में धीमी आंच पर पकता है, तो सोंधी महक इसके स्वाद को दोगुना बढ़ा देती है. इसे पकाने के लिए शुद्ध सरसों के तेल और चुनिंदा खड़े मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसके जायके में चार चांद लगा देते हैं.

कई घंटों की मेहनत और घर के सीक्रेट मसाले
इस लाजवाब रेसिपी को तैयार करने में कई घंटों की कड़ी मेहनत लगती है. दुकानदार ने बताया कि सबसे पहले गर्म सरसों के तेल में सभी तरह के साबुत खड़े मसाले डालकर उन्हें अच्छी तरह भुना जाता है. जब मसाले ठीक से भून जाते हैं, तो इसमें घर का पिसा हुआ एक खास सीक्रेट मसाला मिलाया जाता है. इन सभी मसालों को बहुत धीमी आंच पर पकाया जाता है ताकि उनका पूरा स्वाद तेल में अच्छी तरह उतर जाए. इसके बाद मटन के बड़े-बड़े पीसों को इस ग्रेवी के साथ मिलाकर मिट्टी की हांडी में डाल दिया जाता है. आखिर में हांडी के मुंह को आटे से पूरी तरह पैक करके उसे कोयले की हल्की आंच पर पकने के लिए छोड़ दिया जाता है.

490 रुपये में मिलते हैं मटन के 6 बड़े पीस
सेक्टर 12 की इस चम्पारण हांडी मटन शॉप के मालिक ने बताया कि उनके यहां एक हांडी मटन की कीमत 490 रुपये है. इस एक हांडी में मटन के 6 बड़े और अच्छे पीस दिए जाते हैं, जिससे ग्राहकों का पेट और मन दोनों भर जाता है. यहां मटन के एक पीस का वजन लगभग 50 से 60 ग्राम तक होता है. मिट्टी के बर्तन में पकने की वजह से मटन एकदम रसदार और अंदर तक पूरी तरह गल जाता है.

इतनी डिमांड की फोन पर ही बुक हो जाते हैं ऑर्डर
यह हांडी मटन आगरा और उसके आसपास के इलाकों में इतना ज्यादा मशहूर हो चुका है कि दुकान खुलते ही ग्राहकों की लाइन लग जाती है. दुकानदार ने बताया कि कई बार डिमांड इतनी ज्यादा होती है कि वे चाहकर भी सबकी पूर्ति नहीं कर पाते. दूर-दराज से आने वाले लोग परेशान न हों, इसके लिए दुकान पर फोन के जरिए एडवांस बुकिंग की सुविधा भी दी गई है. इसके साथ ही वे ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप के जरिए भी ऑर्डर लेते हैं, जहां से उन्हें हर दिन ढेरों अच्छे ऑर्डर मिलते हैं.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Write A Comment