7 Tips to boil aloo at home: आलू एक ऐसी सब्जी है, जिसका हर दिन भोजन में इस्तेमाल होता ही है. आलू की ग्रेवी वाली सब्जी हो या फिर सूखी भाजी, आलू का भरता हो या आलू का पराठा, सभी खाने में मजेदार लगते हैं. आलू का ढेरों व्यंजनों में बनाने के लिए इस्तेमाल होता है. कई बार कुछ रेसिपी बनाने के लिए आलू को उबालने की जरूरत होती है, जैसे आलू पराठा, आलू का भरता, दम आलू आदि. हालांकि, कई बार आलू सही तरीके से नहीं उबल पाते. छिलका नहीं ठीक से उतरता है. कभी इतने अधिक उबल जाते हैं कि वो लिसलिसे से हो जाते हैं. आलू की सब्जी बनानी हो तो पूरा आलू उबालने के बाद टूटा हुआ मिलता है. न बनावट सही रहता है और ना ही स्वाद खाने में अच्छा लगता है. कहीं आप गलत तरीके से आलू तो नहीं उबाल रहे? चलिए जानते हैं आलू उबालने का सही तरीका क्या है?
आलू उबालने का सही तरीका
– जब भी आप आलू उबालें तो छिलका छीले बिना आलू को उबालें. कुछ लोग छिलका उतार कर आलू को उबालते हैं. इससे आलू में डायरेक्ट गर्म पानी नहीं लगता है. छिलका हटाने से आलू भस-भस से होकर टूटने लगते हैं.
– आलू को उबालते समय पानी में थोड़ा सा नमक डाल देना भी एक बेहतर उपाय है, आलू के स्वाद को बनाए रखने का. यदि आप चाट, टिक्की, करी या फिर कोई स्नैक्स बनाने के लिए आलू उबाल रहे हैं तो नमक डालने से इसका स्वाद बढ़ जाता है.
– नमक डालने से आलू का छिलका ढीला होता है. इससे छीलते समय आसानी हो जाती है. बड़े आलू आसानी से छिलते हैं.
– आलू अगर आप प्रेशर कुकर में उबाल रहे हैं तो उसमें एक चम्मच कोई सा भी तेल डाल दें. तेल डालने से आलू पर एक पतली सी परत बन जाती है. जब आप आलू छीलते हैं, तो आसानी से छिलका उतरता है. तेल डालने से आलू सॉफ्ट भी होता है और टूटता-गलता भी नहीं है.
– आलू उबालते समय आप नींबू की कुछ बूंदें भी डालकर देख सकते हैं. इससे आलू का रंग उबलने के बाद नहीं बदलता है और हल्की सी खटास भी बनी रहती है, जिससे आलू का स्वाद बेहतर लगता है.
– कुछ लोग आलू उबालते समय इसमें तेजपत्ता भी डाल देते हैं. तेजपत्ते की खुशबू आलू में समा जाती है, जिससे आलू का भी स्वाद बढ़ जाता है. इस तरह के उबले आलू का इस्तेमाल आप आलू करी, पुलाव, स्पाइसी फूड्स में कर सकते हैं.
-आपके पास नींबू, तेजपत्ता नहीं तो आप सफेद सिरका भी डाल सकते हैं. सिरका डालने से आलू की बाहरी परत सख्त बनी रहती है. इस तरह आलू बहुत अधिक गलता नहीं है और काटने में भी टुकड़े सही से कटते हैं.