Last Updated:

Business Idea From Instagram Reel: कई बार सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग भी लाइफ बदलने में मददगार साबित होती है. जमशेदपुर के विभोर को इंस्टाग्राम पर फ्रूट ग्लास सलाद बिकते हुए दिखा, उन्होंने अपने शहर में भी इसे बेचना शुरू कर दिया. लोगों को यह आइडिया बेहद भा रहा है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. कई लोग सिर्फ सपने देखते हैं और कई लोग उन्हीं सपनों को हकीकत में बदल देते हैं. जमशेदपुर के विभोर मंडल भी उन्हीं लोगों में शामिल हैं, जिन्होंने एक छोटी सी सोच को अपने स्टार्टअप में बदल दिया. दरअसल, कहानी शुरू होती है एक Instagram रील से. स्क्रॉल करते-करते विभोर की नजर एक ट्रेंडिंग ‘ग्लास फ्रूट सलाद’ पर पड़ी. रंग-बिरंगे फलों से भरा गिलास, ऊपर से मसालों का ट्विस्ट—यह कॉन्सेप्ट उन्हें इतना पसंद आया कि उन्होंने तुरंत सोच लिया, ‘क्यों ना इसे जमशेदपुर में शुरू किया जाए?’

बस फिर क्या था, सोच को उन्होंने वहीं नहीं रोका. अगले ही दिन से उन्होंने साकची आई हॉस्पिटल के पास सुबह 8 बजे अपना छोटा सा स्टॉल लगाना शुरू कर दिया.

कई नौकरियां की पर बात नहीं बनी
विभोर बताते हैं कि उन्होंने सिर्फ 10वीं तक पढ़ाई की है और इसके बाद कई छोटी-मोटी नौकरियां कीं, लेकिन कहीं भी उन्हें संतुष्टि नहीं मिली. कुछ अपना करने की चाह हमेशा मन में थी. यही वजह रही कि उन्होंने ‘Healthy Harvest’ नाम से अपना स्टार्टअप शुरू किया.

कीमत 30 रुपये
उनका यह फ्रूट सलाद बाकी से बिल्कुल अलग है. एक पारदर्शी गिलास में वह ताजे कटे फल- पाइनएप्पल, तरबूज, केला, अंगूर, कीवी और सेब – को खूबसूरती से सजाते हैं. फिर ऊपर से हल्का चाट मसाला डालकर उसे एक टेस्टी और हेल्दी स्नैक में बदल देते हैं. सबसे खास बात – इसकी कीमत सिर्फ 30 रुपए है. यानी कम पैसे में हेल्दी और टेस्टी विकल्प, जो आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के लिए सही है.

धीरे-धीरे पसंद आ रहा लोगों को
विभोर बताते हैं कि यह कॉन्सेप्ट अभी सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है और उन्होंने उसी ट्रेंड को अपने शहर में उतारने की कोशिश की. अब नतीजा यह है कि उनका स्टॉल धीरे-धीरे लोगों की पसंद बनता जा रहा है. कॉलेज जाने वाली रोशनी कहती हैं, ‘मैंने पहली बार जमशेदपुर में ऐसा कुछ देखा है. यह बहुत अच्छा है क्योंकि हम लोग जल्दी में भी इसे हाथ में लेकर आराम से खा सकते हैं. बाहर का तला-भुना खाना खाने से बेहतर है कि कुछ हेल्दी खाया जाए.’

आज विभोर का यह छोटा सा स्टार्टअप सिर्फ एक बिजनेस नहीं, बल्कि एक मिसाल बन रहा है. यह दिखाता है कि अगर नजर में आइडिया हो और दिल में हिम्मत, तो एक Instagram रील भी जिंदगी बदल सकती है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment