Last Updated:
इस रक्षाबंधन कम बजट में भाइयों का मुंह मीठा कराने का खास तरीका सामने आया है. केवल दो मुख्य चीजों से यह लजीज मिठाई झटपट तैयार हो जाती है. इसे बनाने में सिर्फ 10-15 मिनट का समय लगता है. जानिए सस्ते में बनने वाली इस स्वादिष्ट और आसान रेसिपी के बारे में.
रांचीः रक्षाबंधन के खास मौके पर बहनें अपने भाइयों के लिए कुछ विशेष और स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं. अगर इस बार आपका बजट थोड़ा टाइट है, तो चिंता की कोई बात नहीं है. आप बेहद कम खर्च में झटपट ‘ब्रेड पुआ’ तैयार कर सकती हैं. इसे बनाने के लिए आपको केवल ब्रेड, चीनी और थोड़ा सा इलायची पाउडर चाहिए. यह मिठाई न सिर्फ बजट फ्रेंडली है, बल्कि खाने में भी बेहद स्वादिष्ट लगती है.
रांची की गृहिणी उषा बताती हैं कि ब्रेड पुआ बनाना बहुत आसान है. इसे बनाने में मुश्किल से 10 से 15 मिनट का समय लगता है. इसे खाने के बाद आप साधारण पुआ का स्वाद भूल जाएंगे.
बनाने की आसान विधि:
- ब्रेड को तलें: सबसे पहले बाजार से ब्रेड का पैकेट ले आएं. ब्रेड के स्लाइस को तेल में अच्छी तरह से तल लें. सुनहरा होने के बाद इन्हें बर्तन में बाहर निकाल लें.
- पतली चाशनी बनाएं: अब एक बर्तन में चाशनी तैयार करें. ध्यान रखें कि चाशनी पानी की तरह पतली होनी चाहिए, गाढ़ी बिल्कुल न हो. इसके लिए पानी में अंदाज से चार चम्मच चीनी डालकर अच्छी तरह से खौला लें.
- मसाले मिलाएं: जब चाशनी में उबाल आ जाए, तो उसमें थोड़ा सा दालचीनी और इलायची पाउडर डाल दें. अगर गोटा इलायची है, तो उसे भी कूटकर मिला सकते हैं. इसके बाद गैस बंद करके चाशनी को अलग रख दें.
- चाशनी में डुबोएं: अब तली हुई ब्रेड को तैयार चाशनी में डालें. ब्रेड को चाशनी में डालते ही तुरंत बाहर निकाल लें. इसे ज्यादा देर तक चाशनी में न छोड़ें, वरना ब्रेड टूट सकती है.
- गार्निशिंग करें: आपका लजीज ब्रेड पुआ बनकर तैयार है. इसे खूबसूरत और टेस्टी बनाने के लिए ऊपर से बारीक कटे काजू, बादाम और पिस्ता डालकर गार्निश करें.
बता दें कि यह दिखने में एकदम पारंपरिक आटे के पुआ जैसा लगता है. मात्र दो-तीन स्टेप्स में तैयार होने वाली यह मिठाई इस रक्षाबंधन पर आपके भाई का मुंह मीठा कराने के लिए सबसे बेस्ट विकल्प है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें