Suji Halwa Recipe: घर में जब भी कोई शुभ मौका हो, पूजा-पाठ हो या अचानक कुछ मीठा खाने का मन करे, सबसे पहले सूजी के हलवे का ही नाम याद आता है. देखने में आसान लगने वाली यह डिश कई बार लोगों के लिए मुश्किल बन जाती है. कभी हलवा जरूरत से ज्यादा सूखा हो जाता है, कभी इतना चिपचिपा कि उसका स्वाद ही बिगड़ जाता है. सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को होती है जो पहली बार सूजी का हलवा बनाने की कोशिश कर रहे होते हैं. ऐसे में अगर सही माप, सही आंच और सही तरीका पता हो, तो पहली कोशिश में भी होटल जैसा स्वाद मिल सकता है.

मशहूर कुकिंग एक्सपर्ट कविता की बताई हुई रेसिपी इसी वजह से काफी पसंद की जाती है. इसमें हर चीज का माप साफ बताया गया है और हर स्टेप को आसान तरीके से समझाया गया है, अगर आप भी चाहते हैं कि आपका सूजी का हलवा दानेदार, मुलायम, खुशबूदार और स्वाद से भरपूर बने, तो इस आसान रेसिपी को एक बार जरूर अपनाएं.

सबसे पहले सही माप का रखें ध्यान
अच्छा हलवा बनाने की शुरुआत सही माप से होती है, अगर किसी एक चीज की मात्रा ज्यादा या कम हो जाए, तो पूरा स्वाद बदल सकता है. इस रेसिपी में आधा कप सूजी, आधा कप घी और आधा कप चीनी का इस्तेमाल किया गया है. इसके साथ डेढ़ कप दूध या पानी लेना है. यानी जितनी सूजी हो, उसके मुकाबले तीन गुना लिक्विड रखा जाएगा. अपनी पसंद के काजू, बादाम, किशमिश या दूसरे ड्राई फ्रूट्स भी तैयार रखें.

घी में सही तरीके से भूनें सूजी
हलवे का रंग, खुशबू और स्वाद इस स्टेप पर सबसे ज्यादा निर्भर करता है. कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें सूजी डाल दें. अब मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए सूजी को भूनें. जब इसका रंग हल्का सुनहरा होने लगे और घी की खुशबू आने लगे, तब समझिए कि सूजी सही तरह से भुन चुकी है. तेज आंच पर सूजी जल्दी जल सकती है, जिससे हलवे का स्वाद कड़वा हो सकता है.

दूध या पानी में पहले घोलें चीनी
जब सूजी भुन रही हो, उसी समय दूसरे बर्तन में दूध या पानी गर्म करें. उबाल आने के बाद उसमें चीनी डालें और अच्छी तरह घोल लें. इससे चीनी बराबर मिल जाती है और हलवे में अलग से दाने नहीं बनते, अगर ज्यादा रिच स्वाद चाहिए तो दूध लें, जबकि हल्का हलवा पसंद हो तो पानी भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

अब डालें ड्राई फ्रूट्स और गर्म दूध
जब सूजी पूरी तरह भुन जाए, तब उसमें काजू, बादाम और किशमिश डालकर एक-दो मिनट तक भून लें. इससे मेवों का स्वाद और भी बढ़ जाता है. अब धीरे-धीरे गर्म दूध या पानी का मिश्रण सूजी में डालें. इस दौरान लगातार चलाते रहें, क्योंकि गर्म मिश्रण डालते समय छींटे पड़ सकते हैं. थोड़ा-थोड़ा करके डालने से हलवा बिना गांठ के तैयार होता है.

इलायची और केसर से बढ़ाएं स्वाद
अब इसमें इलायची पाउडर डालें, अगर आप हलवे को और खास बनाना चाहते हैं, तो थोड़ा सा केसर भी मिला सकते हैं. इससे हलवे का रंग और खुशबू दोनों शानदार हो जाते हैं. कुछ मिनट तक हलवे को चलाते रहें. धीरे-धीरे सूजी पूरा दूध सोख लेगी और हलवा गाढ़ा होने लगेगा, अगर आपको हलवा थोड़ा सूखा लगे, तो आखिर में एक चम्मच घी और मिला सकते हैं.

आखिरी स्टेप बनाएगा हलवा और भी सॉफ्ट
जब हलवा कड़ाही छोड़ने लगे, तब गैस धीमी कर दें. अब कड़ाही को ढककर करीब दो मिनट तक पकने दें. इस दौरान बनने वाली भाप सूजी के दानों को अच्छी तरह फूलने में मदद करती है. यही छोटा सा स्टेप हलवे को लंबे समय तक मुलायम और दानेदार बनाए रखता है. इसके बाद हलवा सर्व करें और ऊपर से थोड़े ड्राई फ्रूट्स डालकर स्वाद का मजा लें.

पहली बार हलवा बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
1. हमेशा मीडियम आंच पर ही सूजी भूनें.
2. सूजी को लगातार चलाते रहें.
3. दूध या पानी हमेशा गर्म ही डालें.
4. लिक्विड एक साथ न डालकर थोड़ा-थोड़ा मिलाएं.
5. आखिर में दो मिनट ढककर पकाना बिल्कुल न भूलें.



Source link

Write A Comment