Last Updated:

Bajra Chips Recipe: अगर आप हेल्दी और स्वादिष्ट स्नैक की तलाश में हैं, तो बाजरे की चिप्स बेहतरीन विकल्प है. फाइबर, आयरन और पोषक तत्वों से भरपूर बाजरा स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखता है. थोड़ी-सी तैयारी और आसान विधि से घर पर कुरकुरी बाजरे की चिप्स बनाई जा सकती हैं. इन्हें हल्के मसालों के साथ तैयार कर चाय या शाम के नाश्ते में परोसा जा सकता है. यह बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आती हैं. एक बार इसका देसी और कुरकुरा स्वाद चखने के बाद बाजार की पैकेट वाली चिप्स भी फीकी लगने लगेंगी.

ख़बरें फटाफट

भीलवाड़ा: बरसात का मौसम के आते ही चाय के साथ कुछ कुरकुरा और यूनिक टेस्टी खाने की इच्छा हर किसी के मन में होती है. ऐसे में ज्यादातर लोग बाजार से चिप्स या नमकीन खरीदकर घर लाते हैं और चाय के साथ नाश्ते में खाते हैं. लेकिन रोज-रोज बाजार से नमकीन लाना पोसाता नहीं है. ऐसे में घर पर आसान तरीके से टेस्टी और यूनिक नाश्ता बना सकते हैं. इसके देखते हुए हम आपको आज एक ऐसी रेसिपी से मिलवाने जा रहे हैं, जो स्वाद में टेस्टी और हेल्थ में बेनिफिट है. वैसे तो आमतौर पर घर पर जब चिप्स बनाने की बात आती है. तो सबसे पहले चिप्स बनाने वाले के मन में आलू-केला की चिप्स आती हैं. इसके अलावा हम घर पर बाजरे के आटे की चिप्स भी बना सकते हैं.

बाजरा पोषक तत्वों से भरपूर अनाज माना जाता है, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन के लिए भी अच्छा होता है. घर पर बनी बाजरे की चिप्स में तेल और मसाले अपनी पसंद के अनुसार डाले जा सकते हैं, इसलिए यह बाजार की चिप्स के मुकाबले ज्यादा सेहतमंद औऱ सस्ती होती हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय या मेहनत नहीं लगती हैं और इतना ही नहीं यह 10-15 दिन तक खराब भी नहीं होती है.

कैसे बनती है बाजरे की चिप्स
भीलवाड़ा निवासी पूजा कुमारी सांखला ने बताया कि बाजरे की चिप्स बनाने के लिए सबसे पहले एक कप बाजरे का आटा लें. इसमें थोड़ा सा चावल का आटा मिलाने से चिप्स ज्यादा कुरकुरी बनती हैं. अब इसमें स्वादानुसार नमक, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, थोड़ा जीरा, अजवाइन और एक चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद गुनगुने पानी की मदद से नरम आटा गूंध लें. आटे को 10 से 15 मिनट तक ढककर रख दें ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए. इससे चिप्स बेलने में आसानी होगी और उनका स्वाद भी बेहतर आएगा. अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें पतला बेल लें. चाहें तो किसी ढक्कन या कटर की मदद से गोल आकार की चिप्स काट सकते हैं. इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें और मध्यम आंच पर इन चिप्स को सुनहरा होने तक तल लें. अगर आप कम तेल खाना पसंद करते हैं तो इन्हें एयर फ्रायर या ओवन में भी कुरकुरा होने तक तैयार कर सकते हैं. तैयार चिप्स को टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. ऊपर से हल्का चाट मसाला या काली मिर्च छिड़कने से इनका स्वाद और भी बढ़ जाता है.

चिप्स लंबे समय तक खराब भी नहीं होती
बाजरे की चिप्स की सबसे अच्छी बात यह है कि यह चिप्स लंबे समय तक खराब भी नहीं होती है इसको सफर के दौरान भी साथ में ले जा सकते हैं. गरमा-गरम चाय के साथ बाजरे की चिप्स का स्वाद हर किसी को पसंद आता है। इन्हें बच्चों के टिफिन में भी रखा जा सकता है और शाम के नाश्ते में मेहमानों को भी परोसा जा सकता है. अगर इन्हें पूरी तरह ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखा जाए तो कई दिनों तक इनकी कुरकुराहट बनी रहती है. स्वाद और सेहत का यह शानदार मेल आपके परिवार को जरूर पसंद आएगा.

About the Author

Jagriti Dubey

Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment