भारत अब ऐपल के लिए सिर्फ एक बड़ा स्मार्टफोन बाजार नहीं रह गया है, बल्कि कंपनी के सबसे अहम देशों में शामिल होता जा रहा है. यही वजह है कि ऐपल ने पहली बार भारत में एक साल के दौरान 10 अरब डॉलर (करीब 87 हजार करोड़ रुपये) से ज्यादा की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है. बढ़ती iPhone डिमांड, नए रिटेल स्टोर और भारत में तेजी से बढ़ रही मैन्युफैक्चरिंग की वजह से कंपनी लगातार मजबूत होती जा रही है.

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2026 तक खत्म हुए 12 महीनों में ऐपल की भारत से होने वाली सालाना बिक्री 10 अरब डॉलर से ज्यादा रही. इससे पहले वाले वित्त वर्ष में कंपनी की बिक्री करीब 9 अरब डॉलर थी. यानी इस बार कंपनी ने डबल डिजिट ग्रोथ दर्ज की है.

इस बिक्री में सबसे बड़ा योगदान iPhone का रहा. इसके अलावा iPad और MacBook जैसे प्रोडक्ट्स की मांग भी पहले के मुकाबले बढ़ी है.

भारत बन रहा है Apple का बड़ा बाजार

हालांकि ऐपल की कुल वैश्विक कमाई में भारत की हिस्सेदारी अभी भी बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन कंपनी के लिए यह सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में शामिल हो चुका है. बढ़ती आय, प्रीमियम स्मार्टफोन की बढ़ती मांग और iPhone की लोकप्रियता ने ऐपल की बिक्री को नई रफ्तार दी है.

भारत में बढ़ा रहा है रिटेल नेटवर्क

ऐपल लगातार अपने ऑफिशियल स्टोर्स की संख्या भी बढ़ा रहा है. कंपनी ने इस साल फरवरी में मुंबई में एक नया ऐपल स्टोर खोला, जिसके बाद भारत में उसके आधिकारिक रिटेल स्टोर्स की संख्या 6 हो गई है.

कंपनी का मकसद ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक सीधे पहुंचना और भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना है, जहां अभी भी एंड्रॉयड स्मार्टफोन का दबदबा है.

कीमत अब भी बड़ी चुनौती

भारत में ऐपल प्रोडक्ट्स की कीमत अमेरिका के मुकाबले ज्यादा रहती है. इसकी एक वजह टैक्स और बाकी शुल्क हैं. उदाहरण के तौर पर iPhone 17 की शुरुआती कीमत भारत में 82,900 रुपये है, जबकि अमेरिका में इसकी शुरुआती कीमत इससे कम रखी गई है.

हालांकि, ऐपल ग्राहकों के लिए खरीदारी आसान बनाने की कोशिश कर रहा है. इसके लिए कंपनी बैंकों के साथ मिलकर क्रेडिट कार्ड डिस्काउंट, स्टूडेंट ऑफर्स और पुराना फोन एक्सचेंज जैसी सुविधाएं दे रही है.

मैन्युफैक्चरिंग हब भी बन रहा है भारत

भारत अब सिर्फ ऐपल के लिए बिक्री का बाजार नहीं, बल्कि एक बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब भी बन चुका है. रिपोर्ट के मुताबिक, देश में इस समय iPhone बनाने वाली 5 फैक्ट्रियां काम कर रही हैं.

अब दुनिया में बनने वाले हर चार iPhone में से एक भारत में तैयार किया जा रहा है. भारत में बने कई आईफोन अमेरिका समेत दूसरे देशों में भी एक्सपोर्ट किए जा रहे हैं.

Apple के लिए क्यों अहम होता जा रहा है भारत?

तेजी से बढ़ती बिक्री, नए रिटेल स्टोर्स और लगातार बढ़ती मैन्युफैक्चरिंग क्षमता यह दिखाती है कि ऐपल की ग्लोबल रणनीति में भारत की भूमिका पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गई है. आने वाले सालों में कंपनी भारतीय बाजार और स्थानीय उत्पादन, दोनों पर और ज्यादा फोकस कर सकती है.



Source link

Write A Comment