ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स अब पुर्तगाल के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने पुर्तगाल की तरफ से खेलते हुए एक धमाकेदार शतक लगाया। यह उनके टी-20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक भी है। हेनरिक्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 2009 से 2021 के बीच खेले 11 टी-20 मैचों में कुल 135 रन बनाए और इस दौरान 3 विकेट भी हासिल किए थे। इसके अलावा वह IPL में भी अलग-अलग टीमों की तरफ से 62 मैच खेल चुके हैं। हेनरिक्स को कुछ दिनों पहले ही पुर्तगाल का कप्तान नियुक्त किया गया है।
हेनरिक्स ने 51 गेंदों में बनाए 111 रन
फिनलैंड में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर मैच में मोइसेस हेनरिक्स ने पुर्तगाल की तरफ से जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए चेक रिपब्लिक के खिलाफ सिर्फ 51 गेंदों में 111 रन ठोक दिए। इस दौरान उन्होंने 217.64 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। अपनी पारी में उन्होंने 12 चौके और 7 छक्के लगाए। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत पुर्तगाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 211 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। इसके जवाब में जब चेक रिपब्लिक की टीम बल्लेबाजी करने उतरी, तो बारिश शुरू होने से पहले तक वे 8.5 ओवरों में केवल 24 रन पर ही अपने 5 विकेट गंवा चुके थे।
पुर्तगाल ने दर्ज की लगातार चौथी जीत
पुर्तगाल ने चेकिया को DLS नियम के तहत 91 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया, जो इस टूर्नामेंट में उनकी लगातार चौथी जीत थी। अब 21 अगस्त को उनका मुकाबला स्पेन से होगा। इस मैच को जीतने वाली टीम ही 2028 ICC मेंस टी-20 वर्ल्ड कप के अगले क्वालीफायर राउंड में जगह बनाने में कामयाब हो पाएगी। दूसरी ओर स्पेन की टीम भी अपने ग्रुप-A में लगातार चार मैच जीतकर अजेय बनी हुई है। उन्होंने अपने पिछले मैच में बुल्गारिया को 9 विकेट से मात दी थी।
पुर्तगाल का अगला मुकाबला स्पेन से
अब पुर्तगाल का अगला मुकाबला स्पेन से होगा। पुर्तगाल की टीम में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स जबरदस्त फॉर्म में हैं। 39 साल के हेनरिक्स का जन्म पुर्तगाल में ही हुआ था और वह पहली बार पुर्तगाल के लिए खेल रहे हैं। वह इस टूर्नामेंट में अब तक 3 पारियों में 178 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। पुर्तगाल के गेंदबाज भी जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। टीम के तेज गेंदबाज सेबेस्टियन क्रूज डी ओलिवेरा ने 4 मैचों में सबसे ज्यादा 9 विकेट चटकाए हैं।
यह भी पढ़ें
भारत-बांग्लादेश सीरीज पर फिर संकट के बादल, BCB प्रेसिडेंट के बयान से बढ़ा सस्पेंस
जो रूट ने रचा इतिहास, WTC में 3000 रन बनाने वाले बने पहले कप्तान