Raw Mango Chutney Recipe: गर्मियों का मौसम अपने आखिरी पड़ाव पर हो तो बाजार में कच्चे आम देखकर सबसे पहले दादी-नानी की रसोई याद आती है. उस दौर में मौसम खत्म होने से पहले आम से कई तरह की चीजें बनाकर रख ली जाती थीं, ताकि पूरे साल खाने की थाली में देसी स्वाद बना रहे. इन्हीं पारंपरिक रेसिपी में एक है खट्टी-मीठी कच्चे आम की चटनी, जिसे कई जगह अंबी अचार भी कहा जाता है. इसकी खास बात यह है कि इसमें कच्चे आम की हल्की खटास, गुड़ की मिठास और मसालों की खुशबू एक साथ मिलकर ऐसा स्वाद तैयार करती है, जिसे बच्चे से लेकर बड़े तक पसंद करते हैं, अगर आप भी इस बार कच्चे आम का मौसम खत्म होने से पहले कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके बहुत काम आएगी.
सिर्फ कुछ घरेलू मसालों और पांच आसान की मदद से आप ऐसी चटनी तैयार कर सकते हैं, जो रोटी, पराठा, पूरी, दाल-चावल और स्नैक्स के साथ भी शानदार लगेगी.
दादी के नुस्खे वाली चटनी क्यों है खास?
पहले के समय में फ्रिज हर घर में नहीं होता था. ऐसे में मौसमी फलों और सब्जियों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए अचार और चटनियां बनाई जाती थीं. कच्चे आम की यह खट्टी-मीठी चटनी भी उसी परंपरा का हिस्सा है. इसमें गुड़ का इस्तेमाल होने से स्वाद संतुलित रहता है, जबकि कलौंजी, सरसों और अदरक इसकी खुशबू और फ्लेवर को कई गुना बढ़ा देते हैं. सही तरीके से बनाकर एयरटाइट जार में रखने पर यह कई दिनों तक आसानी से चल सकती है.
चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. 2.5 कप कद्दूकस किए हुए कच्चे आम
2. 1/2 कप गुड़
3. 1 चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
4. 1 बारीक कटी हरी मिर्च
5. 1 चम्मच तेल
6. 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
7. 1/2 चम्मच धनिया पाउडर
8. 1/2 चम्मच काली मिर्च पाउडर
9. 1/2 चम्मच कलौंजी
10. 1/3 चम्मच हल्दी
11. 1/4 चम्मच सरसों पाउडर
12. 1/2 चम्मच सिरका
5 आसान में तैयार करें खट्टी-मीठी अंबी चटनी
1: कच्चे आम तैयार करें
सबसे पहले ताजे और सख्त कच्चे आम धो लें. अब इन्हें छीलकर कद्दूकस कर लें और अलग बर्तन में रख दें. कोशिश करें कि आम ज्यादा रेशेदार न हों, इससे चटनी की बनावट बेहतर रहती है.
2: मसालों का तड़का लगाएं
एक कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें अदरक, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, काली मिर्च, कलौंजी और सरसों पाउडर डालकर हल्का भून लें. जब मसालों से अच्छी खुशबू आने लगे, तब अगला करें.
3: कद्दूकस किया हुआ आम डालें
अब मसालों में कद्दूकस किया हुआ कच्चा आम और हल्दी डालें. इसे मध्यम आंच पर कुछ मिनट तक चलाते हुए पकाएं ताकि आम थोड़ा नरम हो जाए और मसालों का स्वाद उसमें अच्छी तरह मिल जाए.
4: गुड़ और सिरका मिलाएं
अब इसमें गुड़ डालें और लगातार चलाते रहें. जब गुड़ पूरी तरह पिघल जाए, तब सिरका डालकर दो से तीन मिनट और पकाएं. इससे चटनी का स्वाद भी बढ़ेगा और इसे ज्यादा दिनों तक सुरक्षित रखने में भी मदद मिलेगी.
5: ठंडा करके स्टोर करें
गैस बंद करने के बाद चटनी को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इसे साफ और सूखे एयरटाइट कांच के जार में भरकर रख दें. जरूरत के अनुसार निकालकर इस्तेमाल करें.
किन चीजों के साथ सबसे ज्यादा स्वादिष्ट लगती है?
यह चटनी सिर्फ पराठों तक सीमित नहीं है. इसे दाल-चावल, पूरी, थेपला, मठरी, समोसा, कचौरी या शाम की चाय के साथ स्नैक्स में भी परोसा जा सकता है. कई घरों में बच्चे इसे ब्रेड या सैंडविच के साथ भी खाना पसंद करते हैं.
चटनी बनाते समय इन छोटी बातों का रखें ध्यान
अगर ज्यादा खट्टापन पसंद नहीं है तो गुड़ की मात्रा थोड़ा बढ़ा सकते हैं. जार में भरने से पहले चटनी पूरी तरह ठंडी होनी चाहिए. हमेशा सूखे और साफ चम्मच का इस्तेमाल करें, ताकि चटनी जल्दी खराब न हो, अगर आप इसे लंबे समय तक रखना चाहते हैं तो नमी से बचाकर रखें.