Cucumber Bitterness: गर्मियों का मौसम आते ही घर-घर में खीरे की मांग बढ़ जाती है. सलाद की प्लेट हो, रायता हो या फिर हल्का स्नैक, खीरा हर जगह फिट बैठता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें पानी भरपूर मात्रा में होता है, जिससे शरीर ठंडा रहता है और डिहाइड्रेशन से बचाव होता है. यही वजह है कि डॉक्टर भी गर्मियों में खीरा खाने की सलाह देते हैं, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि जैसे ही खीरा काटते हैं, उसका स्वाद कड़वा निकलता है और पूरा मूड खराब हो जाता है. एक कड़वा खीरा पूरे सलाद का मजा बिगाड़ देता है. कई लोग इसे फेंक देते हैं, तो कुछ लोग मजबूरी में खा लेते हैं.
असल में खीरे में मौजूद एक नेचुरल तत्व इसकी कड़वाहट की वजह बनता है, जो खासकर सिरों और छिलके के पास जमा रहता है. अच्छी बात ये है कि कुछ आसान घरेलू तरीके अपनाकर इस कड़वाहट को मिनटों में कम किया जा सकता है, अगर आपके घर भी बार-बार कड़वा खीरा निकलता है, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. इन आसान ट्रिक्स से खीरे का स्वाद फिर से ताजा और मजेदार बनाया जा सकता है.
खीरा कड़वा क्यों होता है?
खीरे में Cucurbitacin नाम का एक नेचुरल कंपाउंड पाया जाता है. यही तत्व खीरे में कड़वाहट लाता है. यह ज्यादातर खीरे के दोनों सिरों, छिलके के नीचे और डंठल वाले हिस्से में ज्यादा होता है. मौसम, पानी की कमी, तेज गर्मी या पौधे पर तनाव बढ़ने से भी खीरा ज्यादा कड़वा हो सकता है.
सिरों को काटकर रगड़ने का पुराना तरीका
खीरे की कड़वाहट दूर करने का सबसे पुराना और असरदार तरीका है उसके दोनों सिरे काटना. इसके बाद कटे हुए हिस्से को खीरे पर गोल-गोल रगड़ें. कुछ सेकंड में सफेद झाग निकलने लगेगा. यही झाग कड़वाहट वाला तत्व होता है. इसे पानी से धो लें. इसके बाद खीरा खाने पर स्वाद काफी बेहतर लगता है.
नमक से दूर करें कड़वापन
अगर रगड़ने के बाद भी खीरा थोड़ा कड़वा लगे, तो उसे गोल स्लाइस में काट लें. अब उस पर हल्का नमक छिड़क दें और 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें. नमक खीरे के अंदर मौजूद कड़वाहट को बाहर खींचने में मदद करता है. बाद में इसे साफ पानी से धो लें. यह तरीका सलाद के लिए बहुत अच्छा माना जाता है.
सही तरीके से छीलना भी जरूरी
कई लोग खीरे को सीधे ऊपर से नीचे तक छील देते हैं, लेकिन ऐसा करने से कड़वाहट फैल सकती है. पहले दोनों सिरे काटें, फिर हल्के हाथ से छिलका उतारें, अगर खीरे का छिलका मोटा और गहरे रंग का है, तो थोड़ा गहराई से छीलना बेहतर रहेगा. इससे स्वाद साफ और हल्का हो जाता है.
फोर्क वाला आसान तरीका
अगर जल्दी में हैं तो फोर्क यानी कांटे वाले चम्मच का इस्तेमाल करें. खीरे को हल्का छीलकर उस पर लंबाई में चारों तरफ गहरे निशान बनाएं. इससे अंदर जमा कड़वाहट बाहर आने लगती है. फिर इसे धोकर काट लें. यह तरीका खीरे को थोड़ा कुरकुरा भी बनाता है.
खरीदते समय रखें ध्यान
बहुत ज्यादा मोटा या पीला खीरा लेने से बचें. हल्के हरे रंग का ताजा खीरा चुनें. मुलायम या दबा हुआ खीरा न लें. पतले और सख्त खीरे अक्सर स्वाद में बेहतर होते हैं.