Last Updated:

Janmashtami Special Recipe: जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल को घर की बनी मिठाई का भोग लगाना चाहते हैं तो बिना गैस जलाए चार तरह की मिठाई तैयार कर सकते हैं. एक्सपर्ट शालू तिवारी की इस आसान रेसिपी में काजू, नारियल बुरादा, मिल्क पाउडर और चीनी से एक बेस डो तैयार किया जाता है. इसी डो से मटकी बर्फी, अमरूद बर्फी, रंग-बिरंगे पेड़े और काजू कतली बनाई जा सकती है. खास बात यह है कि मिठाई बनाने में गैस की जरूरत नहीं पड़ती और इसे कम समय में तैयार किया जा सकता है.

कोटा. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल को माखन-मिश्री के साथ तरह-तरह की मिठाइयों का भोग लगाने की परंपरा है. त्योहार के समय बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है, लेकिन मिलावट की चिंता भी बनी रहती है. ऐसे में घर पर ही कम समय में शुद्ध और स्वादिष्ट मिठाई तैयार की जा सकती है. खास बात यह है कि इसके लिए गैस जलाने की भी जरूरत नहीं है. एक ही बेस मिश्रण से मटकी बर्फी, अमरूद बर्फी, रंग-बिरंगे पेड़े और काजू कतली बनाई जा सकती है. इस आसान रेसिपी को एक्सपर्ट शालू तिवारी ने तैयार किया है. उनके मुताबिक, जन्माष्टमी के भोग के लिए यह रेसिपी स्वाद के साथ-साथ देखने में भी काफी आकर्षक है. इसे बच्चे भी आसानी से बनाने में मदद कर सकते हैं.

इस रेसिपी के लिए एक कटोरी काजू, एक कटोरी डेसीकेटेड नारियल का बुरादा, एक कटोरी मिल्क पाउडर और स्वादानुसार पिसी हुई चीनी यानी बूरा लें. डो तैयार करने के लिए करीब 3 से 4 चम्मच दूध की जरूरत होगी. सजावट के लिए हरा, पीला और नारंगी फूड कलर, चांदी का वर्क और हाथों पर लगाने के लिए थोड़ा घी रख लें. सबसे पहले मिक्सर ग्राइंडर में काजू, मिल्क पाउडर, नारियल का बुरादा और पिसी चीनी डालकर बारीक पीस लें. इस मिश्रण को एक बर्तन में निकालें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके दूध डालें और हल्के हाथों से गूंथते हुए चिकना और ठोस डो तैयार करें. ध्यान रखें कि दूध एक साथ ज्यादा न डालें, वरना मिश्रण बहुत नरम हो सकता है.

ऐसे बनाएं मटकी बर्फी

तैयार डो का थोड़ा हिस्सा लेकर उसमें नारंगी रंग मिलाएं. इसकी छोटी लोई बनाकर कटोरी जैसा आकार दें. इसके बीच सफेद डो की छोटी गोली रखें और इसे मटकी का आकार दें. टूथपिक से मटकी पर डिजाइन बनाएं. हरे और पीले रंग की पतली स्ट्रिप लगाकर इसे और आकर्षक बनाया जा सकता है.

अमरूद बर्फी और पेड़े भी अरसानी से बन जाएंगे

अमरूद बर्फी के लिए पीले रंग के डो की छोटी गोली बनाएं और इसे हरे रंग के डो से ढक दें. ऊपर से चाकू की मदद से चार कट लगाएं. इससे यह कटे हुए अमरूद जैसी दिखाई देगी. बचे हुए सफेद डो से छोटे-छोटे पेड़े बनाकर उन्हें अलग-अलग रंगों से सजाया जा सकता है.

मिनटों में तैयार होगी काजू कतली

बचे हुए सफेद डो को प्लेट पर रखें और बेलन की मदद से पतला बेल लें. इसके ऊपर चांदी का वर्क लगाएं और चाकू से डायमंड शेप में काट लें. इस तरह घर पर ही काजू कतली भी तैयार हो जाएगी. यह पूरी मिठाई बिना गैस जलाए बनाई जा सकती है. जन्माष्टमी पर घर में तैयार इन मिठाइयों को लड्डू गोपाल को भोग लगाकर प्रसाद के रूप में परोसा जा सकता है. बाजार की मिठाई के बजाय घर पर तैयार यह विकल्प स्वादिष्ट होने के साथ खास भी लगेगा.

About the Author

दीप रंजन सिंह Content Producer

दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment