पहले ODI में शानदार जीत के बाद भारतीय टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज अपने नाम करने से सिर्फ एक कदम दूर है। दूसरे ODI में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम में एक बदलाव है। केएल राहुल बीमार हैं। केएल की जगह ईशान किशन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।
कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में हो रहे दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया की नजर सीरीज पर कब्जा जमाने पर लगी है। हालांकि, इस मैच में सबसे ज्यादा निगाहें टीम के दो सबसे अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली पर रहेंगी, जो पहले मुकाबले में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे। भारत ने पहला ODI 6 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की थी। अब यदि शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम दूसरा मुकाबला भी जीत लेती है, तो वह एक मैच शेष रहते ही सीरीज अपने नाम कर लेगी।
पहले ODI में भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड को 258 रन पर रोक दिया था। इसके बाद टीम इंडिया ने 45.2 ओवर में चार विकेट खोकर 259 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 75 गेंदों में 80 रन बनाए। हालांकि वह चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए।
वहीं, ऑलराउंडर अक्षर पटेल भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो साबित हुए। उन्होंने गेंदबाजी में चार विकेट झटके और फिर बल्लेबाजी में नाबाद 57 रन बनाकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। उनकी हरफनमौला प्रदर्शन ने इंग्लैंड की वापसी की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। अब दूसरे ODI में भारतीय टीम चाहेगी कि रोहित शर्मा और विराट कोहली भी अपने अनुभव के मुताबिक बड़ी पारियां खेलें, ताकि बल्लेबाजी क्रम और भी मजबूत दिखाई दे। दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम सीरीज बचाने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी, जिससे कार्डिफ में रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत (प्लेइंग XI): रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड (प्लेइंग XI): बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद।