किचन में खाना पकाते समय तेल की छींटें और मसालों के भाप की वजह से अक्सर तेल की बोतलें या डिब्बे बेहद चिपचिपे हो जाते हैं। तेल की यह चिपचिपाहट इतनी जिद्दी होती है कि इसे सिर्फ साधारण पानी या साबुन से साफ करना मुश्किल हो जाता है। अगर आपकी किचन में रखी तेल की बोतल भी ऐसी ही हो गई है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। यहां कुछ आसान घरेलू नुस्खे के बारे में बताया गया है जिसकी मदद से आप किचन में रखी तेल की बोतल की चिपचिहाट को हटा सकते हैं।
1. गर्म पानी और लिक्विड डिशवॉश
गर्म पानी और लिक्विड डिशवॉश का इस्तेमाल कर आप चिपचिपाहट को आसानी से दूर कर सकते हैं। इसके लिए एक बड़े बर्तन में हल्का गर्म पानी लें और उसमें थोड़ा सा डिशवॉशिंग लिक्विड मिलाएं। तेल की बोतल को खाली करके या ढक्कन को अच्छी तरह बंद करके इस पानी में 10-15 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद स्क्रब की मदद से इसे हल्के हाथों से रगड़ें और साफ पानी से धो लें।
2. बेकिंग सोडा और नींबू का कमाल
बेकिंग सोडा की नेचुरल खुरदराहट और नींबू का एसिड जिद्दी से जिद्दी चिकनाई को तुरंत काट देता है। इसके लिए एक चम्मच बेकिंग सोडा में आधा नींबू का रस मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को बोतल पर लगाकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें। अब नींबू के छिलके या स्पंज से बोतल को अच्छे से रगड़ें। चिपचिपाहट गायब हो जाएगी और बोतल बिल्कुल नई जैसी चमकेगी।
3. सफेद सिरका
सिरका न केवल चिकनाई हटाता है, बल्कि बैक्टीरिया को भी खत्म करता है। एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सिरका और पानी मिलाकर घोल तैयार करें। इसे चिपचिपी बोतल पर छिड़कें और थोड़ी देर रहने दें। फिर किसी सूखे या हल्के नम कपड़े से बोतल को पोंछ लें। कांच की बोतलों के लिए यह तरीका सबसे बेहतरीन है।
बोतल को साफ रखने के लिए अपनाएं ये टिप्स
टिश्यू पेपर या एल्युमिनियम फॉयल: बोतल के बेस पर टिश्यू पेपर लपेटकर रबर बैंड लगा दें या नीचे कोई छोटी ट्रे रखें, ताकि टपकता हुआ तेल सीधे बोतल पर न जमे।
हफ़्ते में एक बार सफाई: हर हफ्ते कपड़े पर थोड़ा सा सिरका या सैनिटाइज़र लगाकर बोतल को पोंछने की आदत डालें।