सब्जी में सिर्फ भिंडी है और लंच में कुछ चटपटा खाने का मन है तो ये रेसिपी आपके लिए है. अगर आपने अब तक सिर्फ पनीर दो प्याजा ही खाया है तो भिंडी दो प्याजा का टेस्ट आपको हैरान कर सकता है. टमाटर, हरी मिर्च और मसालों के साथ तैयार होने वाली यह सब्जी स्वाद में मसालेदार और खुशबूदार होती है.
इसे लंच या डिनर में रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोसा जा सकता है. सबसे जरूरी बात यह है कि भिंडी को पकाने से पहले अच्छी तरह सुखाया जाता है, इससे सब्जी चिपचिपी नहीं बनती है. आइए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट भिंडी दो प्याजा बनाने का आसान तरीका.
भिंडी दो प्याजा रेसिपी
सामग्री
500 ग्राम भिंडी
2 बड़े प्याज, मोटे टुकड़ों में कटे हुए
8-10 छोटे प्याज, आधे कटे हुए
2 टमाटर, बारीक कटे हुए
2 हरी मिर्च, कटी हुई
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
½ छोटा चम्मच जीरा
½ छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
½ छोटा चम्मच गरम मसाला
नमक स्वादानुसार
3 बड़े चम्मच तेल
हरा धनिया सजाने के लिए
भिंडी दो प्याजा बनाने की विधि
सबसे पहले भिंडी को अच्छी तरह धोकर साफ कपड़े या किचन टॉवल से पूरी तरह सुखा लें. इसके बाद भिंडी के आगे-पीछे के हिस्से काटकर उसे करीब 1 से 2 इंच लंबे टुकड़ों में काट लें.
अब कड़ाही में करीब डेढ़ चम्मच तेल गर्म करें. इसमें कटी हुई भिंडी डालकर मध्यम आंच पर 5-7 मिनट तक भूनें. जब भिंडी हल्की कुरकुरी हो जाए, तो इसे एक प्लेट में निकाल लें.
उसी कड़ाही में बचा हुआ तेल डालें. तेल गर्म होने पर जीरा डालें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ सेकंड भूनें. अब इसमें मोटे कटे हुए बड़े प्याज़ डालें और करीब 2 मिनट तक पकाएं.
इसके बाद कटे हुए टमाटर और हरी मिर्च डालें. साथ ही हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. मसाले को तब तक पकाएं, जब तक टमाटर नरम न हो जाएं और मसाले से तेल अलग दिखाई देने लगे.
अब इसमें आधे कटे हुए छोटे प्याज डालें और 2-3 मिनट तक पकाएं. ध्यान रखें कि छोटे प्याज को पूरी तरह गलाना नहीं है. इसके बाद पहले से भुनी हुई भिंडी कड़ाही में डालें और हल्के हाथ से मसाले के साथ मिलाएं.
आखिर में नमक और गरम मसाला डालकर 2 मिनट और पकाएं. ऊपर से हरा धनिया डालें और गैस बंद कर दें. स्वादिष्ट भिंडी दो प्याजा तैयार है. इसे गर्मागर्म रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसें.