Last Updated:

Best Drink For Summer Season: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच जालौर की गृहणी मीना कुमारी देसी गुड़ का शरबत बना रही हैं, आयुर्वेदिक चिकित्सक श्रीराम वैद्य इसे लू से बचाव और ऊर्जा के लिए फायदेमंद मानते हैं. मीना कुमारी बताती हैं कि सबसे पहले 4 से 5 चम्मच क्रश किया हुआ गुड़ लें और उसे गुनगुने पानी में 5 से 10 मिनट तक भिगो दें, ताकि गुड़ अच्छी तरह घुल जाए. जब गुड़ पूरी तरह पिघल जाए, तब उसमें 2 चम्मच ताजा नींबू का रस मिलाएं.

जालौर. राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी अपने चरम पर है. तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है और लू के थपेड़े लोगों का हाल बेहाल कर रहे हैं. ऐसे मौसम में शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी हो जाता है. आयुर्वेदिक चिकित्सक श्रीराम वैद्य के अनुसार, गर्मी के दिनों में देसी और प्राकृतिक ड्रिंक्स का सेवन शरीर के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. उनका कहना है कि गुड़ का शरबत न सिर्फ शरीर को अंदर से ठंडक देता है, बल्कि शरीर में ऊर्जा बनाए रखने और खून की कमी दूर करने में भी मदद करता है.

गांवों में आज भी कई घरों में यह देसी शरबत रोजाना तैयार किया जाता है. जालौर की गृहणी मीना कुमारी भी गर्मियों में अपने परिवार के लिए यही पारंपरिक शरबत बनाती हैं. उनका कहना है कि बाजार में मिलने वाले केमिकल ड्रिंक्स की बजाय घर का बना यह शरबत ज्यादा स्वादिष्ट और सेहतमंद होता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा खर्च भी नहीं आता और घर में मौजूद चीजों से ही यह आसानी से तैयार हो जाता है.

कैसे तैयार करें देसी गुड़ का शरबत

मीना कुमारी बताती हैं कि सबसे पहले 4 से 5 चम्मच क्रश किया हुआ गुड़ लें और उसे गुनगुने पानी में 5 से 10 मिनट तक भिगो दें, ताकि गुड़ अच्छी तरह घुल जाए. जब गुड़ पूरी तरह पिघल जाए, तब उसमें 2 चम्मच ताजा नींबू का रस मिलाएं. इसके बाद कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें, जो स्वाद बढ़ाने के साथ पाचन के लिए भी फायदेमंद होता है.

अब इसमें सौंफ का पिसा हुआ पाउडर मिलाएं, जो शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाने में मदद करता है. इसके बाद आधा छोटा चम्मच काला नमक और स्वादानुसार थोड़ा साधारण नमक डालें. फिर चुटकीभर काली मिर्च पाउडर मिलाएं, जिससे शरबत का स्वाद और बेहतर हो जाता है.

स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल

इसके बाद इसमें भुना हुआ जीरा पाउडर और हरी इलायची का पाउडर डालें, जिससे शरबत की खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं. फिर ताजे पुदीने के पत्ते डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें. इसके बाद इस मिश्रण को हल्का सा ग्राइंड कर लें, ताकि सभी फ्लेवर अच्छे से मिल जाएं.

ग्राइंड करने के बाद शरबत को छलनी से छान लें, ताकि मोटे कण अलग हो जाएं. अब इसे गिलास में डालकर ऊपर से बर्फ के टुकड़े और नींबू की स्लाइस डालें और ठंडा-ठंडा सर्व करें. गर्मी के इस मौसम में यह देसी गुड़ का शरबत शरीर को ठंडक देने के साथ लू से बचाने में भी मददगार माना जाता है. यही वजह है कि लोग अब फिर से पुराने देसी नुस्खों की तरफ लौटते नजर आ रहे हैं.

About the Author

Anand Pandey

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें



Source link

Write A Comment