Banana Flowers Vada Recipe: शाम होते ही अक्सर मन कुछ कुरकुरा और स्वादिष्ट खाने का करता है. ऐसे में ज्यादातर लोग समोसा, पकौड़े या कटलेट बना लेते हैं, लेकिन अगर इस बार कुछ नया और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं तो केले के फूल से बनने वाला वड़ा एक शानदार विकल्प हो सकता है. दक्षिण भारत की यह पारंपरिक रेसिपी अब देशभर के घरों में पसंद की जा रही है. खास बात यह है कि इसमें स्वाद के साथ पोषण भी भरपूर मिलता है. केले का फल तो लगभग हर घर में खाया जाता है, लेकिन इसके फूल का इस्तेमाल बहुत कम लोग करते हैं. जबकि केले का फूल कई पोषक तत्वों से भरपूर माना जाता है.
तमिलनाडु में इसे “वझाईपू वड़ाई” के नाम से जाना जाता है और त्योहारों, पारिवारिक समारोहों या खास मौकों पर इसे बड़े चाव से बनाया जाता है. बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम यह वड़ा चाय, नारियल की चटनी या हरी चटनी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है, अगर आप अपनी किचन में नई रेसिपी आजमाना पसंद करते हैं, तो यह डिश आपके परिवार की नई फेवरेट बन सकती है.
केले के फूल का वड़ा क्यों है खास?
केले के फूल का वड़ा सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी पौष्टिकता के कारण भी जाना जाता है. केले के फूल में फाइबर, आयरन, एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. यही वजह है कि दक्षिण भारत में इसे रोजमर्रा के भोजन का हिस्सा भी बनाया जाता है. इस रेसिपी में चना दाल मिलाने से इसका स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं. बाहर से सुनहरा और कुरकुरा वड़ा अंदर से नरम रहता है, जिससे हर निवाला बेहद लाजवाब लगता है.
सामग्री
लगभग 2 लोगों के लिए आपको चाहिए-
1. 1 कप चना दाल
2. 1 केले का फूल
3. 1 कप बारीक कटा प्याज
4. 4 हरी मिर्च
5. 3 सूखी लाल मिर्च
6. 1 बड़ा चम्मच लहसुन की कलियां
7. 12-15 करी पत्ते
8. ½ छोटा चम्मच जीरा
9. ½ कप बारीक कटा हरा धनिया
10. स्वादानुसार नमक
11. डीप फ्राई करने के लिए रिफाइंड तेल
ऐसे तैयार करें केले के फूल का वड़ा
स्टेप 1: चना दाल का मिश्रण तैयार करें
चना दाल को पहले कुछ घंटों के लिए भिगो दें. अब मिक्सर में चना दाल, सूखी लाल मिर्च और लहसुन डालकर दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि मिश्रण बिल्कुल महीन न हो, तभी बड़े का स्वाद बेहतर आएगा.
स्टेप 2: केले के फूल की तैयारी
केले के फूल को अच्छी तरह साफ करके धो लें. इसके बाद इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. चाहें तो हल्का उबालकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी अच्छा हो जाता है.
स्टेप 3: सभी सामग्री मिलाएं
एक बड़े बर्तन में पिसी हुई चना दाल डालें. इसमें कटा हुआ केले का फूल, प्याज, हरी मिर्च, करी पत्ता, जीरा, हरा धनिया और नमक मिलाएं. अब इस मिश्रण को अच्छी तरह हाथों से मिलाकर कुछ मिनट तक फेंटें. इससे बड़े ज्यादा कुरकुरे बनते हैं.
स्टेप 4: वड़े का आकार दें
तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लें और हथेली की मदद से बड़े का आकार दें, अगर मिश्रण ज्यादा गीला लगे तो थोड़ा चना दाल का पाउडर मिला सकते हैं.
स्टेप 5: सुनहरा होने तक तलें
कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद एक-एक करके वड़े डालें और मध्यम आंच पर सुनहरा भूरा होने तक तलें. तेज आंच पर तलने से बड़े बाहर से जल्दी पक जाएंगे लेकिन अंदर से कच्चे रह सकते हैं.
स्टेप 6: गरमागरम परोसें
तैयार वड़े को नारियल की चटनी, धनिया-पुदीना की चटनी या टमाटर की सॉस के साथ परोसें. शाम की चाय के साथ इसका स्वाद और भी शानदार लगता है.
स्वाद के साथ सेहत भी
विशेषज्ञों के अनुसार केले के फूल में फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. कई लोग इसे संतुलित आहार का हिस्सा भी मानते हैं. हालांकि किसी विशेष स्वास्थ्य समस्या में इसे नियमित रूप से खाने से पहले डॉक्टर या पोषण विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर रहता है.
घर की रसोई में जरूर आजमाएं यह रेसिपी
अगर हर सप्ताह एक जैसी स्नैक्स रेसिपी बनाकर बोर हो चुके हैं, तो केले के फूल का वड़ा जरूर ट्राई करें. यह पारंपरिक स्वाद, कुरकुरापन और पौष्टिकता का शानदार मेल है. परिवार के साथ बैठकर चाय के समय इसका आनंद लेने का मजा ही अलग होता है.