अगर आपको कॉफी पसंद है और हाउस पार्टी में मेहमानों को कुछ अलग सर्व करना चाहते हैं, तो इस बार साधारण कोल्ड कॉफी की जगह कॉफी मॉकटेल ट्राई कर सकते हैं. कॉफी का हल्का कड़वापन, नींबू या संतरे की खटास, ठंडे सोडा की फिज और स्वीटनर का संतुलन मिलकर इसे एक अलग स्वाद देते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी महंगे बार इक्विपमेंट की जरूरत नहीं होती. घर में मौजूद कुछ चीजों से ही इसे कुछ मिनटों में तैयार किया जा सकता है.

कॉफी मॉकटेल के लिए क्या-क्या चाहिए?

एक गिलास कॉफी मॉकटेल बनाने के लिए 1 से 1.5 चम्मच इंस्टेंट कॉफी, करीब 30-40 एमएल गर्म पानी, 1 से 2 चम्मच नींबू का रस, 1 चम्मच शुगर सिरप, 100-120 एमएल ठंडा सोडा या स्पार्कलिंग वॉटर और ढेर सारी बर्फ लें. स्वाद को थोड़ा फ्रूटी बनाना चाहते हैं तो संतरे के रस की थोड़ी मात्रा भी इस्तेमाल कर सकते हैं. सजाने के लिए नींबू का स्लाइस और पुदीने की कुछ पत्तियां रख लें.

ऐसे तैयार करें कॉफी मॉकटेल

सबसे पहले एक छोटे कप में इंस्टेंट कॉफी और गर्म पानी डालकर अच्छी तरह घोल लें. कोशिश करें कि कॉफी के कोई दाने बाकी न रहें. अब इसे कुछ देर ठंडा होने दें. बहुत गर्म कॉफी को सीधे बर्फ और सोडा में डालने से ड्रिंक का तापमान और स्वाद दोनों प्रभावित हो सकते हैं.

अब एक लंबे गिलास में बर्फ के टुकड़े भरें. इसमें नींबू का रस और शुगर सिरप डालें. अगर आपको कम मीठा स्वाद पसंद है तो सिरप की मात्रा कम रख सकते हैं. इसके बाद तैयार की हुई ठंडी कॉफी डालें और ऊपर से धीरे-धीरे ठंडा सोडा डालें. चम्मच या बार स्पून से हल्के हाथ से मिलाएं, ताकि सोडा की फिज ज्यादा न निकले.

आखिर में गिलास के किनारे नींबू का स्लाइस लगाएं और ऊपर से पुदीने की कुछ पत्तियां डालकर सर्व करें. चाहें तो कॉफी के कुछ दाने या हल्का कॉफी पाउडर सिर्फ गार्निश के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं.

संतरे के ट्विस्ट से बनाएं और खास

अगर पार्टी में कुछ नया ट्राई करना है, तो कॉफी और सिट्रस का कॉम्बिनेशन आजमा सकते हैं. इसके लिए नींबू के रस की जगह थोड़ी मात्रा में संतरे का रस डालें. कॉफी की रोस्टेड फ्लेवर और संतरे की फ्रूटी खटास ड्रिंक को अलग स्वाद देगी. हालांकि संतरे का रस ज्यादा डालने से कॉफी का स्वाद दब सकता है, इसलिए मात्रा सीमित रखें.

पार्टी के लिए पहले से क्या तैयारी करें?

हाउस पार्टी में कई लोगों के लिए ड्रिंक बनानी हो तो कॉफी को पहले से तैयार करके ठंडा कर सकते हैं. नींबू का रस और शुगर सिरप भी पहले से नापकर रख लें. मेहमान आने पर गिलास में बर्फ डालें, कॉफी बेस और बाकी सामग्री मिलाएं और अंत में सोडा डालें. इससे ड्रिंक जल्दी तैयार होगी और हर गिलास में स्वाद का संतुलन भी बना रहेगा.

यह कॉफी मॉकटेल उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है जो कॉफी के साथ फिजी और रिफ्रेशिंग फ्लेवर पसंद करते हैं. इसे पार्टी में स्नैक्स, सैंडविच, पास्ता या पिज्जा के साथ भी सर्व किया जा सकता है. बस ध्यान रखें कि कॉफी में कैफीन होता है, इसलिए बच्चों या कैफीन से परहेज करने वाले मेहमानों के लिए अलग विकल्प रखना बेहतर रहेगा.



Source link

Write A Comment