Last Updated:

अगर आप साउथ इंडियन फूड्स खाना पसंद करते हैं तो मेदू वड़ा भी जरूर खाया होगा. नाश्ते में इसका क्रिस्पी टेक्सचर और अंदर की सॉफ्टनेस होलसम फीलिंग्स देती है. सबसे अच्छी बात ये है कि आप इसे घर पर भी बना कर खा सकते हैं. यहां बताए गए तरीके से बनाने पर आप बिल्कुल रेस्टॉरेंट स्टाइल मेदू वड़ा घर पर बनाकर खा सकते हैं.

Zoom

मेदू वड़ा साउथ इंडियन कुजीन का सबसे फेमस फूड है.बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम व स्पंजी मेदू वड़ा नाश्ते और स्नैक के रूप में काफी पसंद किया जाता है. इसे आमतौर पर नारियल की चटनी और सांभर के साथ परोसा जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. कई लोगों को लगता है कि होटल या रेस्तरां जैसा मेदू वड़ा घर पर बनाना मुश्किल होता है, लेकिन सही तरीका अपनाकर आप आसानी से इसे अपनी रसोई में तैयार कर सकते हैं.

स्वादिष्ट मेदू वड़ा बनाने का राज सही बैटर और सही तरीके से तलने में छिपा होता है. अगर बैटर हल्का और फूला हुआ हो तथा वड़े को सही तापमान पर तला जाए, तो वह बिल्कुल रेस्तरां जैसा बन सकता है. आइए जानते हैं घर पर कुरकुरा और मुलायम मेदू वड़ा बनाने की आसान विधि.

मेदू वड़ा बनाने का तरीका

सामाग्री
1 कप धुली उड़द दाल
2 से 3 बड़े चम्मच पानी
1 छोटा प्याज बारीक कटा हुआ
1 से 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
1 छोटा चम्मच कुटी हुई काली मिर्च या जीरा
कुछ करी पत्ते बारीक कटे हुए
स्वादानुसार नमक
तलने के लिए तेल

विधि

  • सबसे पहले उड़द दाल को अच्छी तरह धोकर 4 से 5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. दाल जितनी अच्छी तरह भीगेगी, वड़ा उतना ही मुलायम बनेगा. भीगने के बाद दाल का सारा पानी निकाल दें.
  • अब दाल को बहुत कम पानी डालकर पीस लें. बैटर गाढ़ा, चिकना और हल्का होना चाहिए. ध्यान रखें कि बैटर ज्यादा पतला न हो. इसकी जांच करने के लिए थोड़ा-सा बैटर पानी में डालें. यदि वह ऊपर तैरने लगे, तो बैटर सही है.
  • इसके बाद बैटर को एक बर्तन में निकालें और उसमें नमक, हरी मिर्च, करी पत्ता, काली मिर्च या जीरा और प्याज डालकर मिलाएं. मिश्रण को हल्के हाथों से एक दिशा में फेंटें ताकि उसमें मौजूद हवा बनी रहे.
  • अब हाथों को हल्का गीला करें और बैटर का थोड़ा हिस्सा लेकर गोल आकार दें. फिर उसे हल्का दबाकर बीच में अंगूठे की मदद से छेद बना लें. यह पारंपरिक आकार वड़े को समान रूप से पकाने में मदद करता है.
  • कड़ाही में तेल गर्म करें और आंच को मध्यम रखें. तैयार वड़ों को धीरे-धीरे तेल में डालें और सुनहरा होने तक तलें. बीच-बीच में पलटते रहें ताकि वे हर तरफ से अच्छी तरह पक जाएं. तेज आंच पर तलने से वड़े बाहर से जल्दी भूरे हो सकते हैं लेकिन अंदर से कच्चे रह सकते हैं.
  • तलने के बाद वड़ों को किचन पेपर पर निकालें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. गर्मागर्म मेदू वड़ा नारियल की चटनी और सांभर के साथ परोसें.

जरूरी टिप्स
बेहतर स्वाद के लिए ताजी उड़द दाल का उपयोग करें. बैटर पीसते समय ज्यादा पानी न डालें और हमेशा मध्यम आंच पर ही तलें. अगर बैटर पतला हो जाए तो उसे 10 से 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख सकते हैं. इन आसान टिप्स की मदद से आप घर पर ही स्वादिष्ट और रेस्तरां-स्टाइल मेदू वड़ा बना सकते हैं.

About the Author

शारदा सिंहSenior Sub Editor

शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें



Source link

Write A Comment