भारतीय खाने की थाली में कच्चा प्याज हमेशा शामिल होता है. रेस्टॉरेंट में प्याज को विनेगर में भिगोकर सर्व किया जाता है जो पराठे, छोले-भटूरे या फिर कोई ग्रिल्ड डिश, प्याज का सलाद खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. हालांकि आमतौर पर लोग घर सिर्फ नमक और नींबू डालकर प्याज खाते हैं, लेकिन थोड़े से बदलाव के साथ इसे और भी स्वादिष्ट बनाया जा सकता है.

लच्छा प्याज की खास बात यह है कि इसे तैयार करने में ज्यादा समय नहीं लगता और बनाना भी आसान होता है. ऐसे में अगर आप रोज एक जैसा सलाद खाकर बोर हो चुके हैं, तो यहां आसान और स्वाद से भरपूर लच्छा प्याज की रेसिपीज को ट्राई कर सकते हैं. आइए जानते हैं लच्छा प्याज के चार आसान और अलग-अलग स्वाद वाले विकल्प.

मसालेदार क्लासिक लच्छा प्याज
इस रेसिपी के लिए एक प्याज को गोल लच्छों में काट लें. इसमें कश्मीरी लाल मिर्च, चाट मसाला, काला नमक और नींबू का रस मिलाएं. सभी चीजों को हल्के हाथों से अच्छी तरह मिक्स करें. आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें और तुरंत परोसें. यह स्वाद में चटपटा और ताजगी से भरपूर लगता है.

हरी मिर्च और पुदीना फ्लेवर लच्छा प्याज
अगर आपको तीखा स्वाद पसंद है, तो यह विकल्प आपके लिए बेहतरीन है. प्याज के लच्छों में बारीक कटी हरी मिर्च, पुदीने की चटनी, भुना जीरा पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं. सभी सामग्री को अच्छी तरह टॉस करें और ठंडा करके सर्व करें. इसका मसालेदार और ताजा स्वाद खाने का मजा बढ़ा देता है.

सिरका वाला गुलाबी लच्छा प्याज
रेस्टोरेंट जैसा गुलाबी प्याज बनाने के लिए पानी, सफेद सिरका और थोड़ी चीनी को एक बर्तन में मिलाएं. इसमें चुकंदर के टुकड़े और प्याज डालकर 2 से 3 घंटे के लिए छोड़ दें. कुछ समय बाद प्याज सुंदर गुलाबी रंग का हो जाएगा और इसमें हल्का खट्टा-मीठा स्वाद आ जाएगा.

क्रीमी गार्लिक लच्छा प्याज
इस खास रेसिपी के लिए प्याज में मेयोनीज या गाढ़ा दही मिलाएं. फिर इसमें बारीक कटा लहसुन, कुटी काली मिर्च और नमक डालें. सभी चीजों को हल्के हाथों से मिलाकर तुरंत परोसें. यह स्वाद में क्रीमी और बेहद अलग लगता है.

जरूरी टिप्स
प्याज को 5 से 10 मिनट तक बर्फ वाले ठंडे पानी में रखने से वह ज्यादा कुरकुरा बनता है. नमक हमेशा परोसने से ठीक पहले डालें, ताकि प्याज नरम न हो. सिरके वाला प्याज साफ कांच के जार में रखकर फ्रिज में स्टोर किया जा सकता है. इन सभी तरह के लच्छा प्याज को पराठे, दाल-चावल, छोले-भटूरे और बारबेक्यू या ग्रिल्ड डिश के साथ परोसा जा सकता है.



Source link

Write A Comment