Last Updated:
Sattu Chutney Recipe: सत्तू की चटनी गर्मी में एक आसान, हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन है जो शरीर को ठंडा रखती है और पाचन को बेहतर बनाती है. कम समय में बनने वाली यह चटनी आपके रोज के खाने को नया स्वाद दे सकती है.
सत्तू की चटनी की रेसिपी
Sattu Chutney Recipe: गर्मी का मौसम आते ही सबसे बड़ी दिक्कत होती है शरीर को ठंडा और हल्का बनाए रखना. तेज धूप, पसीना और थकान से बचने के लिए लोग अपनी डाइट में ऐसे फूड्स शामिल करते हैं जो शरीर को अंदर से ठंडक दें. इसी बीच एक देसी और बेहद काम की चीज है सत्तू, जिसे पुराने समय से ही गर्मी का सबसे बढ़िया साथी माना जाता है. सत्तू न सिर्फ पेट को ठंडा रखता है, बल्कि एनर्जी भी देता है और पाचन को भी आराम देता है, अगर आप रोज-रोज एक जैसा खाना खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, हेल्दी और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं, तो सत्तू की चटनी आपके लिए एक शानदार ऑप्शन हो सकती है.
यह चटनी बनाना बेहद आसान है और इसका स्वाद इतना जबरदस्त होता है कि साधारण रोटी या पराठा भी खास लगने लगता है. खास बात यह है कि इसमें ज्यादा समय या मेहनत नहीं लगती, फिर भी यह खाने का मजा दोगुना कर देती है. चलिए जानते हैं सत्तू की चटनी बनाने की आसान रेसिपी और इसके फायदे.
सत्तू की चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-4 बड़े चम्मच सत्तू
-1 मीडियम प्याज (बारीक कटा हुआ)
-3-4 लहसुन की कलियां
-1-2 हरी मिर्च
-1 नींबू का रस
-1 छोटा चम्मच सरसों का तेल
-थोड़ा हरा धनिया
-नमक स्वाद के अनुसार
-थोड़ा ठंडा पानी
बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक बाउल लें और उसमें सत्तू डालें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, लहसुन और हरी मिर्च डाल दें. इसके बाद नमक, नींबू का रस और सरसों का तेल मिलाएं. अब धीरे-धीरे थोड़ा ठंडा पानी डालते हुए इस मिश्रण को अच्छे से मिलाएं. ध्यान रखें कि चटनी ज्यादा पतली न हो, इसका टेक्सचर हल्का गाढ़ा ही रखें ताकि खाने में सही लगे. आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर एक बार फिर मिक्स कर लें. आपकी ठंडी-ठंडी और स्वाद से भरपूर सत्तू की चटनी तैयार है.
क्यों खास है सत्तू की चटनी?
सत्तू को गर्मी में सुपरफूड कहा जाता है क्योंकि यह शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करता है. यह चटनी खासकर उन लोगों के लिए बढ़िया है जिन्हें पेट में जलन या गर्मी की समस्या होती है.
इसके अलावा, सत्तू में फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, जो पाचन को बेहतर बनाता है और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है, अगर आप हल्का और हेल्दी खाना चाहते हैं, तो यह चटनी एकदम फिट बैठती है.
खाने के साथ कैसे करें सर्व?
सत्तू की चटनी को आप रोटी, पराठा, चावल या दाल-चावल के साथ खा सकते हैं. यह लंच और डिनर दोनों में अच्छा ऑप्शन है. गर्मी में अगर आपका खाने का मन कम होता है, तो यह चटनी स्वाद बढ़ाकर भूख भी बढ़ा देती है.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें